1 करोड़ की संपत्ति के लिए मां और भाई की हत्या, चेन्नई में दो बेटों ने रचा खौफनाक खूनी खेल
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस मां ने अपने बेटों को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी मां की जान उसके दो बेटों ने ले ली। इतना ही नहीं, संपत्ति विवाद की आग में उन्होंने अपने ही सगे भाई की भी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने पूरे मामले को हादसा बताकर पुलिस और पड़ोसियों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे राज से पर्दा उठा दिया।
एक करोड़ की संपत्ति पर था विवाद
चेन्नई के अन्ना नगर ईस्ट स्थित फर्स्ट एवेन्यू इलाके में रहने वाली अशरफ निशा अपने तीन बेटों के साथ रहती थीं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार के बीच करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक अशरफ अहमद पेशे से डेंटिस्ट था, जबकि उसके दोनों भाई अशर अहमद और अबरार अहमद संपत्ति को लेकर उससे अक्सर विवाद करते थे।
झगड़ा बढ़ा और बन गया दोहरे हत्याकांड में
गुरुवार रात संपत्ति को लेकर एक बार फिर घर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान अशर अहमद और अबरार अहमद ने अपनी मां अशरफ निशा और भाई अशरफ अहमद पर हमला कर दिया। दोनों का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने पड़ोसियों को बताया कि मां और भाई घर में गिरने से मर गए हैं, जिससे शुरुआती तौर पर मामला सामान्य मौत का प्रतीत हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
घटना की सूचना मिलने पर अन्ना नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों के बयान कई जगह विरोधाभासी मिले, जिससे पुलिस को उन पर शक हुआ। इसी बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों शवों पर चोटों के कई निशान मिले, जिसने हत्या की आशंका को मजबूत कर दिया। इसके बाद पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की।
कबूलनामे के बाद भेजे गए जेल
लगातार पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि वारदात से जुड़ी सभी परिस्थितियों का खुलासा किया जा सके।