सरकारी नौकरी का शानदार मौका, CRPF में 500 से ज्यादा पदों पर भर्ती, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई
खेल के मैदान में अपनी पहचान बनाने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी हासिल करने का मौका आया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के 521 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और 11 नवंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकेगा। आवेदन के बाद 12 से 14 नवंबर तक करेक्शन की सुविधा भी मिलेगी। उम्मीदवार आधिकारिक भर्ती वेबसाइट rect.crpf.gov.in के जरिए आवेदन कर सकेंगे।
521 पदों पर भर्ती, जानें सैलरी
CRPF की इस भर्ती में हेड कांस्टेबल के 182 और कांस्टेबल के 339 पद शामिल हैं। हेड कांस्टेबल के 150 पद पुरुषों और 32 पद महिलाओं के लिए हैं। इस पद पर पे मैट्रिक्स लेवल-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। वहीं कांस्टेबल के 258 पद पुरुषों और 81 पद महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। कांस्टेबल पद पर पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये तक सैलरी मिलेगी।
सिर्फ मेधावी खिलाड़ियों के लिए मौका
यह भर्ती सामान्य उम्मीदवारों के लिए नहीं है, बल्कि निर्धारित खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले मेधावी खिलाड़ियों के लिए है। नोटिफिकेशन के मुताबिक राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले, निर्धारित स्थान हासिल करने वाले या प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी पात्र हो सकते हैं। साथ ही खेल उपलब्धि या स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट की निर्धारित अवधि भी महत्वपूर्ण है। भर्ती विज्ञापन जारी होने की तारीख से पिछले दो वर्षों के भीतर की खेल उपलब्धि या प्रमाण पत्र मान्य होने की बात कही गई है।
खेल उपलब्धि से तय होगी मेरिट
CRPF स्पोर्ट्स कोटा भर्ती में उम्मीदवारों की मेरिट संबंधित खेल में उनकी उपलब्धियों और स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट के लिए मिले कुल अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। यानी चयन में खिलाड़ी का प्रदर्शन और प्रमाणित खेल उपलब्धियां अहम रहेंगी। अगर दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं, तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे में आवेदन करने वाले खिलाड़ियों को अपने खेल प्रमाण पत्र और उपलब्धियों से जुड़े दस्तावेजों को पहले से तैयार रखना चाहिए।