केजरीवाल-ममता हिरासत में, 2000 से ज्यादा लोग डिटेन… CJP के प्रदर्शन पर पुलिस का बड़ा एक्शन
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के ऐलान के बाद पुलिस ने जंतर-मंतर तक पहुंचने वाले रास्तों पर सख्ती बढ़ा दी। प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के कारण मुंबई से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को फ्लाइट से ही हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। तीनों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया है, जबकि जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुलिस हिरासत में केजरीवाल और ममता
CJP के प्रदर्शन को लेकर जारी कार्रवाई के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है। इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी। दोनों नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कई अन्य नेताओं और सांसदों को भी हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है। राजधानी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी और आवाजाही पर लगी पाबंदियों के बीच अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रदर्शन को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।
हिरासत में 2000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी
दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 2000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है। कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में जुटे CJP के करीब 200 समर्थकों को भी उस समय डिटेन किया गया, जब वे जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, दिल्ली हाट से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहीं नेहा बोरा को सफदरजंग इलाके से हिरासत में ले लिया गया।
20 हजार जवान तैनात, 45 मेट्रो स्टेशन बंद
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 300 कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने और 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखे जाने की भी जानकारी है। इसके अलावा, कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है, जिससे लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।