Dell का नया धमाका, इंडियन मार्केट में एक साथ लॉन्च किए 3 धांसू लैपटॉप, जानें पूरी डिटेल
अगर आप ऐसा लैपटॉप खरीदना चाहते हैं जो सिर्फ तेज ही नहीं बल्कि AI की मदद से आपके रोजमर्रा के काम भी आसान बना दे, तो Dell की नई पेशकश आपके लिए दिलचस्प हो सकती है। कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी नई AI लैपटॉप सीरीज लॉन्च की है, जिसमें Dell XPS 13, Dell 14S, Dell 16S और गेमिंग सेगमेंट के लिए Alienware 15 शामिल हैं। हल्के डिजाइन, दमदार प्रोसेसर और एडवांस AI फीचर्स से लैस ये लैपटॉप स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स, कंटेंट क्रिएटर्स और गेमर्स सभी की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
Dell XPS 13: हल्का डिजाइन, दमदार परफॉर्मेंस
Dell XPS 13 उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो ट्रैवल के दौरान भी बिना किसी परेशानी के काम करना चाहते हैं। करीब 1 किलोग्राम वजन वाला यह लैपटॉप 2.5K टचस्क्रीन डिस्प्ले के साथ आता है, जिसकी 500 निट्स ब्राइटनेस तेज रोशनी में भी शानदार विजिबिलिटी देती है। इसमें इंटेल का लेटेस्ट प्रोसेसर दिया गया है और इसे 32GB तक की रैम के साथ कॉन्फिगर किया जा सकता है। भारत में इसकी शुरुआती कीमत 79,990 रुपये रखी गई है।
Dell 14S और Dell 16S: प्रोफेशनल्स के लिए AI पावर
कंपनी ने Dell 14S और Dell 16S को खास तौर पर उन यूजर्स के लिए पेश किया है जो वीडियो एडिटिंग, कोडिंग, मल्टीटास्किंग या हैवी ऑफिस वर्क करते हैं। दोनों मॉडल Intel Ultra Series 3 और AMD Ryzen AI 400 Series प्रोसेसर के विकल्प के साथ उपलब्ध हैं। AI क्षमताओं के साथ आने वाले इन लैपटॉप्स में लंबी बैटरी लाइफ भी दी गई है, जिससे पूरे दिन चार्जिंग की चिंता नहीं रहती। Dell 14S की शुरुआती कीमत 1.20 लाख रुपये, जबकि Dell 16S की शुरुआती कीमत 2.30 लाख रुपये तय की गई है।
Alienware 15: गेमर्स के लिए हाई-परफॉर्मेंस
गेमिंग पसंद करने वाले यूजर्स के लिए Dell ने नया Alienware 15 लॉन्च किया है। इसमें 15.3 इंच का डिस्प्ले दिया गया है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है, जिससे गेमिंग का अनुभव स्मूद और लैग-फ्री बनता है। लैपटॉप में Intel Core 7 प्रोसेसर और Nvidia GeForce RTX 5060 ग्राफिक्स कार्ड दिया गया है, जो हाई-एंड गेम्स और ग्राफिक्स-इंटेंसिव टास्क को आसानी से संभाल सकता है। भारतीय बाजार में इसकी शुरुआती कीमत 1.29 लाख रुपये रखी गई है।