रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का ग्लोबल धमाका, नेटफ्लिक्स पर बनी दुनिया की नंबर-1 नॉन-इंग्लिश फिल्म
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने पहले सिनेमाघरों में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और अब OTT प्लेटफॉर्म पर भी इतिहास रच दिया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर दुनियाभर के दर्शकों ने जबरदस्त प्यार दिया है। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब खुद नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारंडोस ने इसकी सफलता को भारतीय कंटेंट की वैश्विक ताकत का बड़ा उदाहरण बताया है।
नेटफ्लिक्स CEO ने बताई ‘धुरंधर’ की सबसे बड़ी उपलब्धि
हाल ही में एक बातचीत के दौरान नेटफ्लिक्स के को-CEO टेड सारंडोस ने खुलासा किया कि ‘धुरंधर’ दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को अंग्रेजी फिल्मों से भी ज्यादा व्यूअरशिप मिली। सारंडोस के मुताबिक, केवल अमेरिका और ब्रिटेन ही ऐसे बाजार रहे, जहां इसकी व्यूअरशिप इससे आगे रही। यह उपलब्धि भारतीय फिल्मों के लिए वैश्विक स्तर पर एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Squid Game और Money Heist पर भी दिया जवाब
जब टेड सारंडोस से पूछा गया कि क्या भारत भी अब Squid Game या Money Heist जैसी वैश्विक पहचान बनाने वाला कंटेंट तैयार कर रहा है, तो उन्होंने कहा कि भारत पहले से लगातार ऐसा कंटेंट बना रहा है, जिसे दुनिया भर के दर्शक पसंद कर रहे हैं। उनके अनुसार, भारतीय फिल्मों और वेब सीरीज में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को प्रभावित करने की जबरदस्त क्षमता है और ऐसे उदाहरण लगातार सामने आ रहे हैं।
हर हफ्ते ग्लोबल टॉप-10 में दिख रहा भारतीय कंटेंट
सारंडोस ने बताया कि साल 2024 से अब तक नेटफ्लिक्स के ग्लोबल टॉप-10 में लगभग हर सप्ताह भारत की कोई न कोई फिल्म या वेब सीरीज शामिल रही है। उन्होंने इसका श्रेय नेटफ्लिक्स के रिकमेंडेशन एल्गोरिद्म को दिया, जो दर्शकों को उनकी पसंद के मुताबिक नया कंटेंट खोजने में मदद करता है। इसी वजह से इस साल दुनिया भर में भारतीय कंटेंट को नेटफ्लिक्स पर करीब 3.5 अरब घंटे तक देखा गया।
1800 करोड़ की कमाई के बाद OTT पर भी सुपरहिट
धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का पहला पार्ट दिसंबर 2025 में रिलीज हुआ था, जबकि दूसरा पार्ट मार्च 2026 में सिनेमाघरों में आया। करीब 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फ्रेंचाइजी ने दुनियाभर में 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। थिएटर में शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म अब नेटफ्लिक्स और JioHotstar पर भी उपलब्ध है, जहां इसे लगातार शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।