Haiwaan Trailer: ‘हैवान’ का दमदार ट्रेलर रिलीज, खौफनाक अंदाज में दिखे अक्षय कुमार, सैफ ने दी टक्कर
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर दर्शकों को रोमांचित करने के लिए तैयार है। इस बार दोनों ‘हैवान’ के साथ वापसी कर रहे हैं, जिसमें अक्षय कुमार का अंदाज पहले से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। वह फिल्म में एक खूंखार विलेन की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका अगला निशाना सैफ अली खान और उनका परिवार है। वहीं सैफ एक ऐसे शख्स का किरदार निभा रहे हैं जो देख नहीं सकता, लेकिन उसकी सुनने की क्षमता बेहद तेज है। 11 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली फिल्म का ट्रेलर सामने आ चुका है और इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है
‘ओप्पम’ का रीमेक, मोहनलाल का भी कैमियओ
‘हैवान’ साल 2016 में रिलीज हुई मलयालम थ्रिलर फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है, जिसका निर्देशन भी प्रियदर्शन ने किया था। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी, राजेश शर्मा, पहल चौधरी और मनोज जोशी जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में मोहनलाल के कैमियो की भी जानकारी पहले ही सामने आ चुकी है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
खौफनाक अक्षय के निशाने पर सैफ का परिवार
ट्रेलर में अक्षय कुमार का किरदार बेहद खतरनाक और बेरहम दिखाई देता है। वह कई परिवारों को अपना शिकार बना चुका है और अब उसकी नजर सैफ अली खान के परिवार पर है। दूसरी तरफ सैफ का किरदार अपनी कमजोरी को ही ताकत बनाकर उससे बचने की कोशिश करता है। वह देख नहीं सकता, लेकिन आसपास होने वाली हलचल और आवाजों को बेहद तेजी से महसूस कर लेता है। सैयामी खेर फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, लेकिन जब सैफ मदद के लिए पुलिस के पास पहुंचते हैं तो वहां भी हालात उनके खिलाफ नजर आते हैं।
बदले की आग में कितनी जानें जाएंगी?
ट्रेलर में एक ऐसा सवाल भी कहानी का तनाव बढ़ाता है, जब सैफ का किरदार अक्षय से पूछता है कि बदले की आग में वह आखिर कितने मासूमों की जान लेगा। जवाब में अक्षय का किरदार कहता है कि यह आखिरी है। अब असली सवाल यही है कि क्या सैफ खुद को और बच्ची को ‘हैवान’ के आतंक से बचा पाएंगे या अक्षय का खूंखार किरदार अपनी आखिरी चाल में कामयाब हो जाएगा। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।