IND vs NZ: अभिषेक शर्मा का शतक, वैभव का तूफान! 13.2 ओवर में भारत ने न्यूजीलैंड को रौंदकर जीती सीरीज
IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा तूफान मचाया कि 199 रनों का लक्ष्य भी बौना साबित हो गया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने महज 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया। अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रनों की आतिशी पारी खेली, जबकि वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों में 45 रन बनाकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर महज 43 गेंदों में 133 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।
पावरप्ले में ही भारत ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। अभिषेक शर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए, वहीं वैभव सूर्यवंशी ने चौके के साथ पारी का आगाज किया। दोनों ने पहले ओवर में 26, दूसरे में 17 और तीसरे ओवर में 21 रन बटोरे। इसके बाद भी रनों की रफ्तार कम नहीं हुई और भारतीय टीम ने महज पांच ओवर में 100 रन पूरे कर लिए। छठे ओवर में 18 रन जोड़ने के साथ भारत ने पावरप्ले में 118 रन बना डाले। इस धमाकेदार शुरुआत ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया और मुकाबला शुरुआती ओवरों में ही एकतरफा नजर आने लगा।
अभिषेक शर्मा की सेंचुरी, वैभव ने भी मचाया धमाल
भारतीय पारी के दौरान न्यूजीलैंड को पहली सफलता आठवें ओवर में मिली, जब वैभव सूर्यवंशी 18 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसका अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने चौकों और छक्कों की बरसात जारी रखते हुए महज 35 गेंदों में शतक पूरा किया और टी20 क्रिकेट में अपनी चौथी सेंचुरी दर्ज की। अभिषेक ने 38 गेंदों पर 113 रन बनाए और अपनी पारी से भारतीय जीत की राह आसान कर दी। उनके आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके, लेकिन तब तक भारत जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था। टीम ने 13.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
डैरेल मिचेल की पारी पर भारी पड़े भारतीय बल्लेबाज
इससे पहले न्यूजीलैंड ने डैरेल मिचेल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत के सामने 199 रनों का लक्ष्य रखा था। मिचेल ने 52 गेंदों में 89 रन बनाए, जबकि बेवॉन जैकब्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 39 रनों की पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों में अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट हासिल किया। न्यूजीलैंड की ओर से बनाया गया बड़ा स्कोर भी भारतीय बल्लेबाजों के तूफान के सामने टिक नहीं पाया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारियों ने न सिर्फ तीसरे टी20 में भारत को शानदार जीत दिलाई, बल्कि सीरीज पर भी टीम इंडिया का कब्जा पक्का कर दिया।