दमदार फीचर्स के साथ लॉन्च हुआ Infinix का धांसू 5G फोन, जानें कीमत और खासियत
स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर ऐसा फोन आया है, जो सिर्फ स्पेसिफिकेशन के दम पर नहीं बल्कि अपने डिजाइन के जरिए भी ध्यान खींच रहा है. Infinix ने भारत में Hot 70 Pro 5G लॉन्च किया है. फोन के रियर पैनल पर दिया गया Active Matrix Cube (AMC) इसका सबसे अलग फीचर है, जो कॉल, मैसेज, बैटरी और दूसरे अलर्ट को विजुअल इफेक्ट के जरिए दिखाता है. इसके अलावा फोन में 144Hz डिस्प्ले, MediaTek Dimensity 7100 5G प्रोसेसर और 6,000mAh की बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं.
कीमत और उपलब्धता
Infinix Hot 70 Pro 5G की शुरुआती कीमत 22,999 रुपये रखी गई है. यह कीमत बैंक ऑफर के साथ 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल के लिए है. कंपनी ने फोन को 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट में भी पेश किया है. इसे Silk Glow Purple, Dive Blue, Thermo Orange और Mirage Green कलर में खरीदा जा सकेगा. फोन की बिक्री Flipkart के साथ देशभर के रिटेल स्टोर्स पर होगी. ग्राहकों को 9 महीने तक नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी दिया जाएगा.
144Hz डिस्प्ले और Dimensity 7100 चिपसेट
फोन में 6.76 इंच का Full HD+ पंच-होल डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट सपोर्ट करता है. स्क्रीन की पीक HBM ब्राइटनेस 910 निट्स तक है. कंपनी ने इसमें Eye-Care और Motion Sickness Relief जैसे फीचर्स भी शामिल किए हैं. परफॉर्मेंस के लिए MediaTek Dimensity 7100 5G चिपसेट और Mali-G57 GPU मिलता है. कंपनी का दावा है कि फोन चुनिंदा लोकप्रिय गेम्स में 90fps तक गेमिंग और 7.8 लाख से अधिक AnTuTu स्कोर हासिल कर सकता है. स्टोरेज के लिए UFS 2.2 तकनीक दी गई है. यह Android 16 पर आधारित XOS 16 पर चलता है और कंपनी तीन बड़े OS अपडेट तथा पांच साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है.
पीछे का AMC बनाता है फोन को अलग
Hot 70 Pro 5G का Active Matrix Cube यानी AMC इसका सबसे आकर्षक फीचर है. फोन को स्क्रीन नीचे करके रखने पर भी यह रियर पैनल पर अलग-अलग विजुअल इफेक्ट के जरिए इनकमिंग कॉल, मैसेज, चार्जिंग, लो बैटरी, कैमरा, वीडियो, काउंटडाउन और मौसम से जुड़े अलर्ट दिखा सकता है. फोन ऑन करने, म्यूजिक सुनने और गेम खेलने के दौरान भी यहां एंबियंट लाइटिंग इफेक्ट नजर आते हैं. यानी कंपनी ने इस फीचर को महज सजावटी डिजाइन के बजाय नोटिफिकेशन और इंटरैक्शन के एक नए तरीके के तौर पर पेश किया है.
50MP Sony कैमरा और 6,000mAh बैटरी
फोटोग्राफी के लिए फोन में 50MP Sony IMX882 प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जिसका अपर्चर f/1.8 है. इसमें 2X लॉसलेस जूम के साथ AI Live Photo, AI Eraser, AI Extender और One-Tap Vlog जैसे फीचर्स मिलते हैं. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 8MP फ्रंट कैमरा मौजूद है. पावर बैकअप के लिए 6,000mAh बैटरी दी गई है, जो 45W फास्ट चार्जिंग और 10W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है. कंपनी के मुताबिक, बैटरी करीब 25 मिनट में 50 फीसदी और लगभग 63 मिनट में पूरी तरह चार्ज हो सकती है.