IRCTC का शानदार टूर पैकेज! 10 दिनों में एक्सप्लोर करें पूरा जापान, जानें खर्च
जापान की यात्रा का सपना देखने वाले भारतीय यात्रियों के लिए IRCTC ने एक खास टूर पैकेज पेश किया है। इस पैकेज के जरिए 10 दिन और 9 रातों में जापान के कई प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों को एक्सप्लोर करने का मौका मिलेगा। यात्रा 6 सितंबर से दिल्ली से शुरू होगी और 15 सितंबर को वापसी होगी। खास बात यह है कि पहली बार जापान जाने वाले यात्रियों को अलग-अलग शहरों के बीच ट्रांसपोर्ट और होटल की प्लानिंग की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।
₹3.45 लाख से शुरू है जापान का टूर पैकेज
IRCTC के इस पैकेज की कीमत ट्रिपल शेयरिंग के लिए 3,45,999 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होती है। ट्विन शेयरिंग में प्रति व्यक्ति 3,49,999 रुपये और सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए 4,73,999 रुपये खर्च करने होंगे। 5 से 11 साल की उम्र के बच्चों के लिए बेड के साथ पैकेज की कीमत 2,92,499 रुपये और बिना बेड के 2,63,999 रुपये रखी गई है। यानी परिवार के साथ जापान घूमने की योजना बनाने वालों के लिए भी इसमें अलग विकल्प मौजूद हैं।
फ्लाइट से होटल और खाना, पैकेज में क्या मिलेगा?
इस टूर पैकेज में दिल्ली से जापान आने-जाने की इकोनॉमी क्लास फ्लाइट शामिल है। यात्रियों को फोर-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा रोजाना ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर, एयरपोर्ट ट्रांसफर, एसी कोच से स्थानीय भ्रमण और लागू टैक्स भी पैकेज में शामिल हैं। 70 साल से कम उम्र के यात्रियों को ट्रैवल इंश्योरेंस और अंग्रेजी बोलने वाला टूर गाइड भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे यात्रियों को जापान में घूमने के दौरान स्थानीय स्तर पर जरूरी मदद मिल सकेगी।
टोक्यो से माउंट फूजी और हाकोने तक का सफर
यात्रा की शुरुआत जापान की राजधानी टोक्यो से होगी। यहां पर्यटक असाकुसा टेंपल, नाकामिसे शॉपिंग स्ट्रीट, उएनो पार्क, ओडाइबा और TeamLab Planets जैसे लोकप्रिय स्थानों का आनंद ले सकेंगे। मौसम अनुकूल रहने पर माउंट फूजी के फिफ्थ स्टेशन तक जाने का मौका मिलेगा, जबकि खराब मौसम की स्थिति में ओशिनो हक्काई को वैकल्पिक डेस्टिनेशन बनाया जाएगा। इसके बाद हाकोने में ओवाकुदानी वैली, हाकोने रोपवे और लेक आशी में पाइरेट शिप क्रूज का अनुभव भी इस यात्रा का हिस्सा होगा। टूर में टोयोटा म्यूजियम और SCMAGLEV रेलवे म्यूजियम भी शामिल हैं।
क्योटो से हिरोशिमा तक दिखेगा जापान का अलग रंग
इस यात्रा में जापान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक शहरों को भी शामिल किया गया है। क्योटो में अराशियामा बैंबू फॉरेस्ट, किंकाकु-जी और फुशिमी इनारी ताइशा जैसे प्रसिद्ध स्थल देखने को मिलेंगे। वहीं ओसाका में ओसाका कैसल और नारा में टोडाई-जी मंदिर के साथ खुले में घूमते हिरणों को देखने का मौका मिलेगा। टूर का एक खास पड़ाव हिरोशिमा होगा, जहां पीस मेमोरियल पार्क, मियाजिमा आइलैंड और इत्सुकुशिमा श्राइन की यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा शिन-ओसाका से हिरोशिमा तक शिंकानसेन बुलेट ट्रेन की सवारी भी इस जापान ट्रिप को यादगार बना सकती है।