फिर दहला जापान! 7.1 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट, तटीय इलाकों में हड़कंप
जापान एक बार फिर तेज भूकंप के झटकों से दहल उठा है। मंगलवार को क्यूशू द्वीप के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत फैला दी। झटकों के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र समुद्र तल से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसका केंद्र कुमामोटो के पश्चिमी हिस्से में स्थित था, जो राजधानी टोक्यो से करीब 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि समुद्र में करीब एक मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, इसलिए तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
तटीय इलाकों के लोगों को दी गई चेतावनी
भूकंप के बाद प्रशासन ने समुद्र किनारे रहने वाले लोगों से तुरंत तट से दूर रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में केवल आधिकारिक निकासी निर्देशों का पालन करें। वहीं, अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने स्पष्ट किया कि स्थानीय तटों से आगे व्यापक सुनामी का खतरा नहीं है, हालांकि प्रभावित इलाकों में निगरानी लगातार जारी है।
कई प्रांतों में हाई अलर्ट
कुमामोटो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों में भी आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की गई है। जापानी समाचार चैनल एनएचके के मुताबिक, भूकंप के झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए। फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।