झांसी में पिंडदान के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबकर एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को श्राद्ध कर्म के बाद पिंडदान करने पहुंचे एक परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रानीपुर इलाके में सुखनई नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिंडदान की रस्म के दौरान परिवार के कुछ सदस्य नदी में स्नान करने लगे थे। इसी बीच पांच लोग अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
घटना की जानकारी मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम मनोज कुमार, सीओ मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह और पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पांच मौतों से गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के बाद धार्मिक रस्म पूरी करने नदी किनारे पहुंचे थे, उन्हें कुछ ही देर बाद अपनों की मौत की खबर का सामना करना पड़ा। घटना के बाद सुखनई नदी के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की ओर से नदी में स्नान और अन्य धार्मिक गतिविधियों के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में गम का माहौल है और गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है।