सहायक आचार्य बनने का गोल्डन चांस! इस राज्य में 7000 हजार से ज्यादा पदों पर निकली वैकेंसी
झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य के 7,299 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। यह भर्ती केवल नए उम्मीदवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पारा शिक्षकों के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर लेकर आई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप आयोजित होने वाली इस भर्ती में पहली से आठवीं कक्षा तक विभिन्न विषयों के लिए योग्य शिक्षकों का चयन किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से शुरू होकर 30 अगस्त 2026 तक चलेगी।
7,299 पदों पर होगी नियुक्ति
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत कुल 7,299 सहायक आचार्य पदों को भरा जाएगा। इनमें 6,101 पद नियमित भर्ती के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 1,198 पद बैकलॉग श्रेणी के तहत भरे जाएंगे। इन पदों पर चयन लिखित परीक्षा और निर्धारित पात्रता मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। यह भर्ती राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
31 जुलाई से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
इस भर्ती अभियान के तहत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। पहली से पांचवीं कक्षा के लिए इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 2,756 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं छठी से आठवीं कक्षा के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 4,543 पदों पर भर्ती की जाएगी।
विषयवार पदों की बात करें तो भाषा विषय के लिए 1,887 पद, सोशल साइंस के लिए 908 पद और गणित एवं विज्ञान विषय के लिए 1,748 पद निर्धारित किए गए हैं। इन सभी पदों में नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों की रिक्तियां शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया
यह भर्ती सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है। अदालत ने राज्य सरकार को पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित पदों को भरने के उद्देश्य से विशेष भर्ती परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया था। इसी आदेश के पालन में यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। सहायक आचार्य के कुल पदों में से 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं, ताकि लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को भी नियुक्ति का अवसर मिल सके।
JETET पास होना जरूरी
भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए संबंधित स्तर के अनुसार JETET (Jharkhand Eligibility Test for Teachers) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। हालांकि आयोग ने कुछ अभ्यर्थियों को राहत भी दी है। ऐसे पारा शिक्षक जिन्होंने CTET या झारखंड के पड़ोसी राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास की है, वे भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि नियुक्ति मिलने के बाद उन्हें तीन वर्ष के भीतर या पहले उपलब्ध अवसर पर JETET परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। यदि निर्धारित अवधि में वे JETET पास नहीं करते हैं तो उनकी पात्रता प्रभावित हो सकती है।