Kanpur Plane Crash: कानपुर में विमान हादसा! गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दोनों पायलटों की मौत
उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसे ने हड़कंप मचा दिया। गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में एक ट्विन-इंजन ट्रेनिंग विमान क्रैश होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
11:50 बजे खेत में जा गिरा एयरक्राफ्ट
कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, चार सीटों वाला दो इंजन का टेकनम एयरक्राफ्ट गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से करीब 11:30 बजे उड़ान भरकर निकला था। इसके लगभग 20 मिनट बाद यानी करीब 11:50 बजे ग्वालटोली क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव के बाहरी हिस्से में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान क्रैश होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
ट्रेनर और ट्रेनी की हुई मौत
हादसे में ट्रेनर यानी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की जान चली गई। पुलिस के अनुसार सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक से थे। हादसे के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और इलाके को सुरक्षित करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल विमान दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के समय विमान में केवल दोनों पायलट ही सवार थे या कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, इस संबंध में भी अधिकारियों की जांच जारी है।
DGCA करेगी विस्तृत जांच
पुलिस ने हादसे की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA को दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक, विमान की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच DGCA की टीम करेगी। फिलहाल घटनास्थल पर जांच और राहत-बचाव की कार्रवाई जारी है, जबकि इस हादसे ने गंगा बैराज क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।