कोलकाता के होटल में आधी रात मौत का तांडव, 9 लोगों की दर्दनाक मौत
कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में करीब 2 बजे अचानक आग भड़क उठी। हादसे के वक्त ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, जिसके चलते आग और धुएं ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में 6 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि मृतक बांग्लादेशी नागरिक थे और इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए हुए थे। आग लगने के बाद होटल के भीतर धुएं का घना गुबार भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया।
धुएं के बीच दमकलकर्मियों ने चलाया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। धुएं की वजह से दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और होटल में मौजूद करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में घायल 6 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
आग की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद पुलिस ने होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और होटल की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।