जम्मू-कश्मीर: बडगाम में बड़ा एनकाउंटर, लश्कर का टॉप कमांडर मूसा ढेर
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। यह कार्रवाई मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग के ऊंचाई वाले इलाके में की गई। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर फौजी मूसा के तौर पर हुई है। हालांकि, उसकी पहचान को लेकर अभी तक सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खुफिया सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन
सेना ने बताया कि अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर इलाके में अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। सुरक्षाबलों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। इलाके में बचे हुए आतंकियों की तलाश के लिए घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।
यूसमर्ग मुठभेड़ से बच निकला था मूसा
अधिकारियों के मुताबिक, फौजी मूसा कई सालों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के चलते सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। बताया जा रहा है कि वह इसी महीने 4-5 सितंबर को यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ के दौरान बच निकला था। उस ऑपरेशन में उसका करीबी सहयोगी और पाकिस्तानी आतंकी यासिर मारा गया था। इसके बाद सुरक्षा बलों को मूसा के जंगलों में छिपे होने की आशंका थी।
2022 में घुसपैठ के जरिए घाटी पहुंचा था
सूत्रों के अनुसार, मूसा वर्ष 2022 में घुसपैठ के जरिए कश्मीर घाटी में दाखिल हुआ था और इसके बाद आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में जुटा था। उसके युवाओं को आतंकी संगठनों में भर्ती करने और पीर पंजाल के दोनों ओर गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। यह भी बताया जा रहा है कि लश्कर में शामिल होने से पहले वह पाकिस्तानी एसएसजी कमांडो था। हालांकि, मूसा के मारे जाने और उसकी पहचान से जुड़ी अंतिम पुष्टि सुरक्षा एजेंसियों के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट होगी।