लखनऊ में दिनदहाड़े बैंक अधिकारी की हत्या, पति ने पहले मारी गोली फिर खुद भी उठाया खौफनाक कदम
लखनऊ के हाईप्रोफाइल और सुरक्षित इलाकों में शुमार गोमतीनगर में गुरुवार सुबह हुई वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोमतीनगर थाने से कुछ ही दूरी पर ICICI बैंक के बाहर एक महिला बैंक अधिकारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के तौर पर हुई है, जो बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थीं। दिव्या चर्चित पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन भी थीं।
बैंक से बाहर बुलाया और बरसा दीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, दिव्या रोज की तरह गुरुवार सुबह गोमतीनगर स्थित अपने बैंक पहुंची थीं और काम में जुटी थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने उन्हें बैंक से बाहर आने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि बाहर उनका पति मानस मौजूद था। जैसे ही दिव्या बैंक के गेट से बाहर निकलीं, दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई। इसके बाद पति ने उन पर गोली चला दी।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई वारदात की पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, आरोपी पति के दोनों हाथों में पिस्टल थीं। दिव्या ने जब उसकी बातों को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही दिव्या सड़क पर गिर पड़ीं। अचानक हुई फायरिंग से बैंक और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी एक ऑटो में बैठकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
गोली लगने के बाद दिव्या को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पति ने भी गोली मारकर की आत्महत्या
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मानस ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई है। दोनों के रिश्ते में तनाव इतना बढ़ गया था कि मामला अदालत तक पहुंच चुका था और तलाक की प्रक्रिया भी चल रही थी। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।