Mahindra BE6 Sporteq: नए अंदाज और धांसू फीचर्स के साथ लॉन्च हुई इलेक्ट्रिक SUV, इतनी है कीमत
इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग के बीच महिंद्रा ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी BE6 को नए अंदाज में पेश किया है। कंपनी ने BE6 Sporteq को 11.45 लाख रुपये (BaaS के साथ एक्स -शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है, जबकि BaaS के बिना इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.45 लाख रुपये है। नए Sporteq में डिजाइन से लेकर केबिन और टेक्नोलॉजी तक कई ऐसे बदलाव किए गए हैं, जो इसे मौजूदा मॉडल से अलग पहचान देते हैं।
स्पेशल एडिशन के साथ नया अवतार
BE6 Sporteq को कंपनी ने कई वेरिएंट और स्पेशल एडिशन के साथ बाजार में उतारा है। इसमें Launch Edition और BE6 Sporteq Four जैसे विकल्प शामिल हैं। इससे पहले BE6 लाइनअप में Formula E Edition और Batman Edition जैसे खास मॉडल भी मौजूद रहे हैं। नए Sporteq की खासियत सिर्फ कॉस्मेटिक बदलावों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके डैशबोर्ड लेआउट और टेक्नोलॉजी में भी बड़े अपडेट किए गए हैं।
डिजाइन में मिले नए रंग और खास बैज
BE6 Sporteq Launch Edition का ओवरऑल डिजाइन स्टैंडर्ड BE6 जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसे अलग पहचान देने के लिए नया पेंट स्कीम पेश किया गया है। रियर में BE6 के साथ Launch Edition बैज दिया गया है, जबकि टेलगेट पर रियर लाइट्स के जरिए मैसेज प्रदर्शित करने की सुविधा भी मिलती है। इसके अलावा कंपनी ने BE6 Freedom Edition को भी पेश किया है, जिसे खास Orange पेंट स्कीम में उतारा गया है। Sporteq कुल 12 कलर विकल्पों में उपलब्ध होगी, जिनमें Rosso Impulso, Ruby Velvet, Graphite Storm और Firestorm Orange Satin जैसे चार नए रंग शामिल हैं।
आठ वेरिएंट में मिलेगी BE6 Sporteq
महिंद्रा ने नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से आठ वेरिएंट में पेश किया है। इनमें One, Two, Three, Three+, Four, FE, FE Four और Launch Edition शामिल हैं। इस तरह कंपनी ने अलग-अलग बजट और फीचर पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए विकल्पों की एक विस्तृत रेंज तैयार की है। नए कलर और स्पेशल एडिशन इसके एक्सटीरियर को स्टैंडर्ड BE6 की तुलना में ज्यादा आकर्षक बनाने का काम करते हैं।
तीन स्क्रीन वाला हाईटेक केबिन
BE6 Sporteq में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंटीरियर में देखने को मिलता है। Launch Edition में तीन स्क्रीन का सेटअप दिया गया है, जिसमें फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले भी शामिल है। स्टैंडर्ड वर्जन में यह स्क्रीन उपलब्ध नहीं थी। कंपनी के मुताबिक, इस अतिरिक्त स्क्रीन का इस्तेमाल गेमिंग और कराओके जैसे मनोरंजन के लिए किया जा सकता है। सेंटर कंसोल पर Sporteq लोगो भी दिया गया है, जो केबिन को अलग पहचान देता है।
Gemini से लेकर Revive SOS तक नए फीचर्स
नई BE6 Sporteq में कई स्मार्ट फीचर्स जोड़े गए हैं। TEQ_Me ड्राइवर को पहचानकर उसकी पर्सनलाइज्ड प्रोफाइल अपने आप लोड करता है, जबकि TEQ_Talk में Google Gemini का इंटीग्रेशन दिया गया है। TEQ_xting की मदद से रियर टेलगेट डिस्प्ले पर कस्टम मैसेज दिखाए जा सकते हैं। TEQ_Drive में कस्टम ड्राइव मोड, Tribe Drive, Drift Mode और Acceleration Boost जैसे विकल्प मिलते हैं। खास Revive SOS फीचर बैटरी 0 प्रतिशत होने के बाद भी करीब 13 किलोमीटर तक चलने के लिए जरूरी ऊर्जा उपलब्ध कराने का दावा करता है और पूरी बैटरी लाइफ में इसका इस्तेमाल पांच बार तक किया जा सकता है। इसके अलावा ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस चार्जर, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, क्रूज कंट्रोल, एयरबैग, ESP और ADAS जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
682 किमी तक की रेंज का दावा
पावरट्रेन की बात करें तो BE6 Sporteq में मौजूदा इलेक्ट्रिक सेटअप को बरकरार रखा गया है। इसमें 59 kWh और 79 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं, जबकि नया 70 kWh बैटरी पैक भी लाइनअप में जोड़ा गया है। रियर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर 286 hp तक की पावर और 380 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। बड़े 79 kWh बैटरी पैक के साथ कंपनी 682 किलोमीटर तक की MIDC रेंज का दावा करती है। कीमत, रेंज और टेक्नोलॉजी को देखते हुए BE6 Sporteq महिंद्रा के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में एक ज्यादा फीचर-लोडेड और टेक्नोलॉजी-केंद्रित विकल्प बनकर सामने आती है।