‘मिर्जापुर द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 100 करोड़ पार हुई कमाई, जानें कलेक्शन
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा माहौल बनाया है कि फिल्म की कमाई लगातार रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस एक्शन-क्राइम फिल्म ने पहले ही वीकेंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 करोड़ रुपये के करीब पहुंचकर ट्रेड को चौंका दिया है। अब सभी की नजरें रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार के कलेक्शन पर टिकी हैं और शुरुआती आंकड़े भी फिल्म की पकड़ मजबूत होने का संकेत दे रहे हैं।
ओपनिंग वीकेंड में छप्परफाड़ कमाई
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने पहले दिन 24.75 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला था। दूसरे दिन कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 32 करोड़ रुपये बटोरे। इसके बाद रविवार को कलेक्शन और बढ़ा और सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने 36 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह तीन दिनों में भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 93.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 112.35 करोड़ रुपये पहुंच गया।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने भी पकड़ी रफ्तार
घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ विदेशों में भी ‘मिर्जापुर द मूवी’ को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। तीसरे दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका ओवरसीज कलेक्शन 20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। घरेलू और विदेशी कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 132.35 करोड़ रुपये हो चुका है। अब सोमवार की कमाई से फिल्म के आंकड़े और मजबूत होने की उम्मीद है।
साल की बड़ी फिल्मों की लिस्ट में एंट्री
‘मिर्जापुर द मूवी’ की सबसे खास बात यह है कि इसने उन आशंकाओं को गलत साबित कर दिया है, जिनमें इसे सिर्फ OTT सीरीज का फिल्मी विस्तार माना जा रहा था। फिल्म ने पहले ही दिन साल की तीसरी सबसे बड़ी घरेलू ओपनिंग दर्ज की। वहीं ओपनिंग वीकेंड में 84.31 करोड़ रुपये कमाने वाली ‘आवारापन 2’ को पीछे छोड़कर यह साल की तीसरी सबसे बड़ी वीकेंड ग्रॉसर बन गई है। फिलहाल फिल्म ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर 2’ से पीछे है।
स्टारकास्ट ने फिर जगाया ‘मिर्जापुर’ का जादू
फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने प्रोड्यूस किया है। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, विजय वर्मा, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर और राजेश तैलंग समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं। इनमें से ज्यादातर सितारों ने Prime Video की ‘मिर्जापुर’ सीरीज से अपने पुराने किरदारों को बड़े पर्दे पर दोहराया है। सीरीज का पहला सीजन 2018 में, दूसरा 2020 में और तीसरा सीजन 2024 में रिलीज हुआ था।