MP High Court Recruitment 2026: असिस्टेंट ग्रेड-3 के 1174 पदों पर भर्ती, 15 सितंबर तक करें आवेदन
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए हाई कोर्ट ने बड़ा मौका दिया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने जिला एवं सत्र न्यायालयों में असिस्टेंट ग्रेड-3 के 1174 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए 15 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
1174 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के जरिए असिस्टेंट ग्रेड-3 के कुल 1174 पद भरे जाएंगे। इनमें 314 पद सामान्य वर्ग, 181 एससी, 236 एसटी, 325 ओबीसी और 118 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए निर्धारित हैं। नियुक्तियां मध्य प्रदेश के विभिन्न जिला एवं सत्र न्यायालयों के प्रतिष्ठानों में की जाएंगी। आवेदन में सुधार का मौका 19 सितंबर से 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक मिलेगा।
ग्रेजुएशन के साथ कंप्यूटर योग्यता जरूरी
असिस्टेंट ग्रेड-3 पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ कंप्यूटर संबंधी योग्यता भी अनिवार्य है। उम्मीदवार के पास एमपीआईटी की ओर से मान्य एजेंसी का वैध सीपीसीटी स्कोर कार्ड होना चाहिए। एक वर्षीय कंप्यूटर एप्लीकेशन डिप्लोमा, सरकारी आईटीआई से सीओपीए या मान्य उच्च कंप्यूटर योग्यता वाले अभ्यर्थी भी पात्र हैं। बीसीए, एमसीए, बीई/बीटेक, एमएससी, एमई/एमटेक और संबंधित कंप्यूटर डिप्लोमा जैसी योग्यताएं भी स्वीकार की गई हैं।
18 से 40 साल तक उम्र सीमा
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है, जबकि सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों और मध्य प्रदेश से बाहर रहने वाले पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष है। पात्र आरक्षित वर्ग, महिला, दिव्यांग और निर्धारित सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट के साथ 45 वर्ष तक की उम्र में आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
इतनी देनी होगी आवेदन फीस
अनारक्षित वर्ग और मध्य प्रदेश के बाहर के उम्मीदवारों को 200 रुपये परीक्षा शुल्क के साथ 743.40 रुपये अन्य शुल्क के रूप में देने होंगे। यानी कुल शुल्क 943.40 रुपये होगा। वहीं मध्य प्रदेश के मूल निवासी ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों तथा सभी दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क शून्य रखा गया है। इन्हें केवल 743.40 रुपये अन्य शुल्क के रूप में भुगतान करना होगा।
परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा के लिए दो घंटे मिलेंगे। इसमें सामान्य ज्ञान, सामान्य अध्ययन, गणित एवं तार्किक तर्क, सामान्य हिंदी, अंग्रेजी और कंप्यूटर ज्ञान से सवाल पूछे जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को हिंदी टाइपिंग स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। यह टेस्ट 50 अंकों का होगा, जिसमें करीब 350 शब्द 10 मिनट में टाइप करने होंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट mphc.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद Recruitment-Result सेक्शन में असिस्टेंट ग्रेड-3 भर्ती का लिंक चुनकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित शुल्क का भुगतान करके फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद इसकी कॉपी और फीस रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें। ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा की तारीख हाई कोर्ट की ओर से बाद में घोषित की जाएगी।