पीएम आवास के बाहर राहुल गांधी का धरना प्रदर्शन, जानिए क्या हैं कांग्रेस की मांगें
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस नेता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ धरने पर बैठे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह कांग्रेस नेताओं से बातचीत करने पहुंचे और धरना समाप्त करने की अपील की, लेकिन राहुल गांधी ने सरकार के आग्रह को स्वीकार नहीं किया।
इस बीच केंद्र सरकार ने बुधवार को इस पूरे मुद्दे पर चर्चा कराने का प्रस्ताव भी दिया है, हालांकि कांग्रेस का कहना है कि केवल चर्चा नहीं, बल्कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी जरूरी है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगे
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो।
संसद के दोनों संदनों में पेपर लीक मामले पर चर्चा हो।
गृह मंत्री अमित शाह दोनों सदनों में बयान दें।
छात्रों के मुद्दों को सुना जाए।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निष्पक्ष जांच हो।
सरकार-कांग्रेस के बीच नहीं बनी सहमति
कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों से जुड़े मामले में सरकार जवाबदेही से बच रही है, इसलिए पार्टी ने केंद्र के सामने अपनी पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा, जबकि सरकार संसद के भीतर इस मुद्दे पर चर्चा के जरिए समाधान निकालने की बात कह रही है।