10,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च हुआ Redmi का धांसू स्मार्टफोन, जानिए फीचर्स और कीमत की डिटेल्स
स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए शाओमी ने भारत में Redmi Note सीरीज के दो नए दमदार मॉडल पेश कर दिए हैं। कंपनी ने मंगलवार को Redmi Note 17 Pro और Redmi Note 17 Pro Max लॉन्च किए। नई सीरीज की शुरुआती कीमत 33,999 रुपये है। दोनों फोन में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और HyperOS 3 मिलता है, जबकि Pro Max मॉडल 10,000mAh की बड़ी बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग के साथ आता है।
44,999 रुपये से शुरू Redmi Note 17 Pro Max
Redmi Note 17 Pro की कीमत 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट के लिए 33,999 रुपये रखी गई है, जबकि 8GB+256GB मॉडल 36,999 रुपये में आएगा। वहीं Redmi Note 17 Pro Max के 8GB+256GB वेरिएंट की कीमत 44,999 रुपये और 12GB+256GB वेरिएंट की कीमत 50,999 रुपये है। कंपनी ग्राहकों को 5,000 रुपये तक का बैंक डिस्काउंट भी दे रही है। Pro की बिक्री 17 सितंबर और Pro Max की बिक्री 23 सितंबर से शुरू होगी। दोनों फोन Amazon, Xiaomi के ऑनलाइन स्टोर और चुनिंदा फिजिकल आउटलेट्स पर उपलब्ध होंगे।
1.5K AMOLED स्क्रीन और 120Hz रिफ्रेश रेट
दोनों स्मार्टफोन में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,200Hz टच सैंपलिंग रेट सपोर्ट करता है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3,500 निट्स तक है और इसमें 12-बिट कलर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी के मुताबिक, डिस्प्ले 68.7 अरब तक रंग दिखा सकता है। स्क्रीन को Corning Gorilla Glass Victus 2 की सुरक्षा मिली है। इसके अलावा दोनों फोन में Dolby Atmos सपोर्ट वाले स्टीरियो स्पीकर भी दिए गए हैं।
50MP कैमरा के साथ AI फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए दोनों फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें 50MP का मेन कैमरा और 8MP का सुपर-वाइड-एंगल कैमरा शामिल है। सेल्फी के लिए Pro Max में 32MP कैमरा दिया गया है, जबकि Redmi Note 17 Pro में 16MP फ्रंट कैमरा मिलता है। कैमरा सिस्टम में AI आधारित कई फीचर्स भी शामिल हैं, जिनकी मदद से तस्वीरों से ग्लेयर और रिफ्लेक्शन कम करने के साथ-साथ अनचाहे ऑब्जेक्ट्स को हटाया जा सकता है।
HyperOS 3 और लंबे अपडेट का वादा
दोनों स्मार्टफोन Android 16 पर आधारित HyperOS 3 पर काम करते हैं। शाओमी ने इन डिवाइसेज के लिए 4 साल के OS अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा किया है। फोन को IP66, IP68 और IP69K रेटिंग भी मिली है, जिससे धूल और पानी से सुरक्षा बेहतर होती है। Pro Max में फोटोक्रोमिक रियर पैनल का विकल्प भी मौजूद है, जो सीधी धूप में अपना रंग बदलने की क्षमता रखता है।
10,000mAh बैटरी ने बढ़ाया Pro Max का दम
Redmi Note 17 Pro में Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर, 8GB तक रैम और 9,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 67W चार्जिंग सपोर्ट करती है। वहीं Pro Max में Snapdragon 6 Gen 5 चिपसेट, 12GB तक रैम और 10,000mAh की बैटरी मिलती है। यह 100W फास्ट चार्जिंग और 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करता है। शाओमी का दावा है कि Pro Max की बैटरी 1,600 से ज्यादा चार्जिंग साइकल के बाद भी अपनी 80 फीसदी क्षमता बनाए रख सकती है।