6000mAh बैटरी और 50MP कैमरा… Samsung का धांसू बजट फोन Galaxy A08 लॉन्च, जानें डिटेल
बजट स्मार्टफोन खरीदने वाले यूजर्स के लिए Samsung ने नया Galaxy A08 बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने इस फोन में बड़ी बैटरी, हाई-रिफ्रेश-रेट डिस्प्ले और 50MP कैमरे जैसे फीचर्स दिए हैं। इसके साथ ही लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट को भी फोन की बड़ी खासियत बनाया गया है। Galaxy A08 को उन लोगों के लिए पेश किया गया है, जो एक ऐसा फोन चाहते हैं जिसे कई साल तक इस्तेमाल किया जा सके।
Samsung Galaxy A08 की कीमत और बिक्री
Samsung Galaxy A08 भारत में 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट में आया है। इसकी कीमत 18,499 रुपये रखी गई है। फोन की बिक्री Samsung के एक्सक्लूसिव स्टोर्स, प्रमुख रिटेल स्टोर्स, कंपनी की वेबसाइट और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर शुरू हो चुकी है। फोन Dark Blue, Green और Silver कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
EMI का भी मिलेगा विकल्प
Samsung चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर Galaxy A08 खरीदने वाले ग्राहकों को 6 महीने तक नो-कॉस्ट EMI का विकल्प दे रहा है। इसके अलावा कुछ NBFC पार्टनर्स के जरिए ग्राहक 9 महीने तक आसान किस्तों में फोन खरीद सकते हैं। इस तरह कंपनी ने फोन की शुरुआती कीमत के साथ खरीदारी को आसान बनाने पर भी फोकस किया है।
6 साल तक मिलेगा सॉफ्टवेयर सपोर्ट
Galaxy A08 की सबसे खास बात इसका लंबा सॉफ्टवेयर सपोर्ट है। Samsung इस फोन के साथ 6 जनरेशन तक OS अपग्रेड और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का दावा कर रहा है। इसके साथ Samsung Knox सिक्योरिटी भी दी गई है, जो पासवर्ड, निजी जानकारी और बायोमेट्रिक डेटा की सुरक्षा में मदद करती है।
AI फीचर्स से भी लैस है फोन
फोन में Circle to Search 3.0, Google Gemini और Perplexity जैसे AI फीचर्स का सपोर्ट मिलता है। यूजर्स पावर बटन को लंबे समय तक दबाकर या आवाज के जरिए Gemini और Perplexity से सवाल पूछ सकते हैं। इसके अलावा Quick Share और Modes & Routines जैसे Samsung के फीचर्स भी Galaxy A08 में दिए गए हैं।
90Hz डिस्प्ले और Helio G99+ प्रोसेसर
Galaxy A08 में 6.7 इंच की HD+ PLS LCD डिस्प्ले दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Helio G99+ प्रोसेसर के साथ 4GB RAM मिलती है। फोन में 64GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे microSD कार्ड के जरिए 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
50MP कैमरा और 6000mAh बैटरी
फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर पैनल पर 50MP का मुख्य कैमरा और 2MP डेप्थ सेंसर वाला डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 8MP फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन में 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 25W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है।
IP64 रेटिंग और Gorilla Glass 5 की सुरक्षा
Galaxy A08 की मोटाई 8mm है और डिस्प्ले को Corning Gorilla Glass 5 की सुरक्षा मिलती है। फोन को IP64 रेटिंग भी दी गई है, जो इसे धूल और पानी की हल्की बौछारों से सुरक्षा देने में मदद करती है। कुल मिलाकर Samsung ने इस फोन में बड़ी बैटरी और 50MP कैमरे के साथ लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट पर खास जोर दिया है।