Samsung Galaxy Z Flip 8: जल्द आने वाला है ये धांसू फ्लिप फोन, लॉन्च से पहले फीचर्स और कीमत की डिटेल्स लीक
सैमसंग अपने अगली पीढ़ी के फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल स्मार्टफोन Galaxy Z Flip 8 को लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने अभी तक इस डिवाइस की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन लॉन्च से पहले सामने आई कई लीक रिपोर्ट्स ने इसकी संभावित कीमत, डिजाइन, डिस्प्ले, प्रोसेसर और कैमरा जैसे अहम फीचर्स की तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन पिछले साल आए Galaxy Z Flip 7 का अपग्रेडेड वर्जन होगा, जिसमें डिजाइन की बजाय परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर पर ज्यादा फोकस देखने को मिल सकता है।
22 जुलाई को हो सकता है बड़ा ऐलान
सैमसंग ने अपने Galaxy Unpacked इवेंट की तारीख का ऐलान कर दिया है। यह इवेंट 22 जुलाई को लंदन में आयोजित होगा और भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। उम्मीद की जा रही है कि इसी मंच से कंपनी Galaxy Z Flip 8 को आधिकारिक तौर पर पेश करेगी। इसके अलावा Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra और नई Galaxy Watch सीरीज के मॉडल भी लॉन्च किए जा सकते हैं।
कीमत में हो सकता है इजाफा
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक Galaxy Z Flip 8 का 256GB स्टोरेज वेरिएंट यूरोप में करीब 1,299 यूरो यानी लगभग 1.41 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च हो सकता है। वहीं, 512GB मॉडल की संभावित कीमत 1,499 यूरो यानी करीब 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
अगर इसकी तुलना Galaxy Z Flip 7 से करें तो पिछले मॉडल का 256GB वेरिएंट यूरोप में 1,199 यूरो और भारत में 1,09,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था। ऐसे में नए मॉडल की कीमत पहले से अधिक रहने की संभावना है।
डिस्प्ले और डिजाइन में क्या होगा नया?
Galaxy Z Flip 8 में 6.9 इंच का फोल्डेबल AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जो 120Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट और 2,600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस के साथ आ सकता है। इसके साथ 4.1 इंच का कवर डिस्प्ले भी दिया जा सकता है, जिसमें पहले की तुलना में बेहतर रिफ्रेश रेट मिलने की संभावना है।
डिजाइन की बात करें तो फोन का लुक पिछले फ्लिप मॉडल जैसा ही रह सकता है, लेकिन इसे पहले से ज्यादा पतला और हल्का बनाया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसका वजन करीब 180 ग्राम हो सकता है, जिससे इसे इस्तेमाल करना और भी आसान होगा।
अलग-अलग बाजारों में अलग प्रोसेसर
सैमसंग इस बार भी अलग-अलग देशों के लिए अलग चिपसेट रणनीति अपना सकती है। अमेरिका और चीन में लॉन्च होने वाले मॉडल में Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर मिलने की संभावना है, जबकि भारत और यूरोप में Exynos 2600 (2nm) चिपसेट वाला वेरिएंट पेश किया जा सकता है।
फोन में 12GB LPDDR5X रैम के साथ 256GB और 512GB UFS 4.1 स्टोरेज विकल्प मिलने की उम्मीद है। यह स्मार्टफोन Android 17 आधारित One UI 9 पर काम कर सकता है और कंपनी लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट देने की पेशकश भी कर सकती है
कैमरा और बैटरी में ज्यादा बदलाव नहीं
कैमरा सेटअप की बात करें तो Galaxy Z Flip 8 में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलने की उम्मीद है। वहीं, वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए 10 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
बैटरी की क्षमता 4,300mAh रहने की संभावना है, जबकि 25W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि बैटरी और कैमरा में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन बेहतर प्रोसेसर, हल्का डिजाइन और नए सॉफ्टवेयर फीचर्स इसे पिछले मॉडल के मुकाबले अधिक आकर्षक बना सकते हैं।