SBI में क्लर्क बनने का सुनहरा मौका, 1538 पदों पर भर्ती शुरू, ऐसे करें अप्लाई
सरकारी बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। SBI ने जूनियर एसोसिएट यानी क्लर्क भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत स्पेशल रिक्रूटमेंट ड्राइव के जरिए कुल 1,538 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 7 अगस्त से शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी केवल एक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा जिस राज्य के लिए आवेदन किया जाएगा, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना भी जरूरी है।
तीन चरणों में होगी भर्ती प्रक्रिया
SBI क्लर्क भर्ती में उम्मीदवारों को नौकरी पाने के लिए तीन स्तर की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद अंतिम चरण में लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट यानी LLPT होगा। SBI के संभावित शेड्यूल के अनुसार प्रीलिम्स परीक्षा सितंबर 2026 में और मुख्य परीक्षा अक्टूबर-नवंबर 2026 के दौरान आयोजित की जा सकती है। अंतिम चयन में उम्मीदवारों का प्रदर्शन भर्ती प्रक्रिया के निर्धारित मानकों के आधार पर देखा जाएगा।
प्रीलिम्स में 100 नंबर का पेपर, नेगेटिव मार्किंग भी
क्लर्क भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और उम्मीदवारों को पूरा पेपर हल करने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में सभी सवाल ऑब्जेक्टिव टाइप के होंगे और प्रश्नपत्र को तीन सेक्शन में बांटा जाएगा। गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। खास बात यह है कि SBI ने प्रीलिम्स के लिए न तो सेक्शन वाइज और न ही ओवरऑल क्वालिफाइंग कटऑफ निर्धारित किया है। वहीं मुख्य परीक्षा में उम्मीदवारों को बैंक द्वारा तय न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे, लेकिन किसी एक विषय में अलग से न्यूनतम अंक लाने की बाध्यता नहीं होगी।
स्थानीय भाषा का ज्ञान जरूरी
SBI क्लर्क भर्ती में स्थानीय भाषा की जानकारी को महत्वपूर्ण पात्रता शर्त बनाया गया है। यदि किसी उम्मीदवार ने 10वीं या 12वीं कक्षा में संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ी है और इसका उल्लेख उसकी मार्कशीट में मौजूद है, तो उसे लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट से छूट मिल सकती है। ऐसे उम्मीदवारों को अलग से भाषा परीक्षा नहीं देनी होगी। वहीं जिन अभ्यर्थियों के पास स्थानीय भाषा पढ़ने का प्रमाण नहीं है, उन्हें चयन प्रक्रिया के बाद LLPT देना होगा। इस परीक्षा में उम्मीदवार की भाषा पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने की क्षमता जांची जाएगी।
उम्र सीमा और आवेदन से जुड़ी जरूरी शर्तें
SBI क्लर्क भर्ती 2026 के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अप्रैल 2026 को कम से कम 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपना सक्रिय मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी, क्योंकि भर्ती से जुड़ी जरूरी सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जाएंगी। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।