अंकित बालियान हत्याकांड में STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो इनामी शूटर ढेर
शामली में सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मामले में फरार चल रहे दो कथित शूटरों को STF ने मुठभेड़ में मार गिराया है। मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित और सुमित के तौर पर हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस के मुताबिक, दोनों का नाम अंकित बालियान की हत्या में सामने आया था।
कैराना रोड पर STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास STF की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों शूटरों को गोली लगी और उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ के बाद मौके से आधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। दोनों बदमाश सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
अंकित पर बरसाई गई थीं 18 गोलियां
सिंगर अंकित बालियान की हत्या के दौरान उन पर करीब 18 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी। जांच में मोहित और सुमित की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस और STF लगातार उनकी तलाश कर रही थीं। दोनों पर इनाम भी घोषित किया गया था। अब मुठभेड़ में दोनों के मारे जाने के बाद हत्याकांड की जांच में एक अहम कड़ी जुड़ गई है।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल
STF और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान हरविंदर और प्रदीप के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच और मुठभेड़ से जुड़े अन्य पहलुओं की कार्रवाई में जुटी है।