OTT पर छाई परिणीति चोपड़ा की सीरीज, रिलीज के 24 घंटे में बनी नंबर-1, कहानी हिल देगी दिमाग
ओटीटी पर इस वक्त एक नई साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज दर्शकों का ध्यान खींच रही है। रिलीज के महज 24 घंटे के भीतर ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ ने ट्रेंडिंग लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। परिणीति चोपड़ा स्टारर इस सीरीज की कहानी रहस्य, शक और एक मां की बेचैनी के इर्द-गिर्द घूमती है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा रहा है कि यह कई चर्चित और ट्रेंडिंग शोज को पीछे छोड़कर टॉप पर पहुंच गई है।
7 एपिसोड में बुनी गई है रहस्य की कहानी
‘शक: ट्रस्ट नो वन’ कुल 7 एपिसोड की सीरीज है, जिसमें हर एपिसोड करीब आधे घंटे का बताया गया है। दर्शक इसे हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु और अंग्रेजी भाषाओं में भी देख सकते हैं। रिलीज से पहले ही सीरीज के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी थी और अब स्ट्रीमिंग शुरू होने के बाद इसे लेकर चर्चा और तेज हो गई है। सीरीज का फोकस लगातार बढ़ते रहस्य और ऐसे सवालों पर है, जिनका जवाब कहानी आगे बढ़ने के साथ सामने आता है।
पहली बार वेब सीरीज में नजर आईं परिणीति
परिणीति चोपड़ा ने फिल्मों में कई अलग-अलग किरदार निभाए हैं, लेकिन ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ के जरिए उन्होंने वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा है। इसमें वह एक मां की भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ सुमीत व्यास, सोनी राजदान, जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, हरलीन सेठी, अनूप सोनी और चौधरी ध्रुव जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। सीरीज में कलाकारों की यह पूरी टीम कहानी के रहस्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है।
क्या है ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ की कहानी?
सीरीज की कहानी एक ऐसी मां पर केंद्रित है, जिसकी नवजात बेटी जन्म के बाद ही अगवा हो जाती है। इसके बाद वह करीब नौ साल तक अपनी बेटी की तलाश करती रहती है। समय के साथ उसका शक और जुनून इस हद तक बढ़ जाता है कि उसे हर बच्ची में अपनी बेटी की झलक नजर आने लगती है। लेकिन कहानी तब और पेचीदा हो जाती है, जब उसके इस विश्वास को महज वहम बताया जाने लगता है। यही शक, तलाश और सच्चाई के बीच का संघर्ष ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ को एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर का रूप देता है।