Spider-Man Collection: 9वें दिन भी नहीं थमा ‘स्पाइडर-मैन’ का तूफान, ‘बॉर्डर 2’ का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
हॉलीवुड के सुपरहीरो की दीवानगी भारतीय दर्शकों के बीच एक बार फिर सिर चढ़कर बोल रही है। टॉम हॉलैंड स्टारर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पहले ही हफ्ते में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर तहलका मचा दिया था और अब दूसरे हफ्ते में भी इसकी रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही है। रिलीज के 9वें दिन फिल्म ने एक और बड़ा मुकाम हासिल करते हुए बॉलीवुड की एक चर्चित ब्लॉकबस्टर का लाइफटाइम रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
9वें दिन भी जारी रहा स्पाइडर-मैन का जलवा
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के 9वें दिन भारत में करीब 14.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे शुक्रवार को फिल्म की कमाई में लगभग 1.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन करीब 349.25 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन लगभग 417.63 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यानी फिल्म अब 350 करोड़ रुपये के नेट क्लब में शामिल होने से महज कुछ लाख रुपये दूर है।
इंग्लिश वर्जन ने संभाली कमाई की कमान
भारत में फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा योगदान इसके इंग्लिश वर्जन का देखने को मिल रहा है। अब तक इंग्लिश वर्जन करीब 191.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुका है। वहीं हिंदी डब वर्जन से फिल्म को लगभग 124.40 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ वर्जन ने भी इसके कुल कारोबार में अहम योगदान दिया है। आंकड़ों से साफ है कि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर टॉम हॉलैंड के स्पाइडर-मैन का जादू अभी बरकरार है।
बॉर्डर 2′ को पछाड़ा, अब नजर ‘धुरंधर 2’ पर
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने 9 दिनों में ही सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ को पीछे छोड़ दिया है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ का भारत में लाइफटाइम नेट कलेक्शन 329.43 करोड़ रुपये रहा था, जबकि स्पाइडर-मैन ने 349.25 करोड़ रुपये के साथ यह आंकड़ा पार कर लिया है। अब फिल्म की नजर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पर है, जिसने भारत में करीब 1149.30 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था। हालांकि इस विशाल आंकड़े तक पहुंचना ‘स्पाइडर-मैन’ के लिए बड़ी चुनौती होगी, लेकिन मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ा रिकॉर्ड जरूर बना सकती है।