पहले दादा-दादी की हत्या, फिर स्कूल जाकर किया 5 लोगों का मर्डर और सुसाइड… 14 साल के छात्र का खौफनाक कांड
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके से सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। शुक्रवार सुबह एक हाई स्कूल में 14 साल के छात्र ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों के मुताबिक, यह थाईलैंड में करीब चार वर्षों में हुई सबसे गंभीर सामूहिक हत्या की घटनाओं में से एक है।
दादा-दादी की हत्या के बाद स्कूल पहुंचा था आरोपी
अधिकारियों के अनुसार, स्कूल में गोलीबारी करने से पहले आरोपी अपने दादा-दादी के घर गया था, जहां उसने कथित तौर पर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह देबसिरिन नोनथाबुरी स्कूल पहुंचा और कक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, उसने पहले अपनी कक्षा के भीतर से गोलियां चलाईं और फिर बाहर निकलकर भी फायरिंग जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस जब उसके घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और दोनों बुजुर्गों को मृत पाया।
दादा की बंदूक से चलीं 26 से ज्यादा गोलियां
पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने जिस बंदूक का इस्तेमाल किया, वह कानूनी रूप से उसके दादा के नाम पर पंजीकृत थी। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल में उसने कम से कम 26 गोलियां चलाईं और उसके पास से 34 से अधिक अतिरिक्त गोलियां भी बरामद हुईं। थाई अधिकारियों के अनुसार, हमले में घायल हुए ज्यादातर लोगों को गोली लगी है। इस घटना ने देश में हथियारों की उपलब्धता और नाबालिगों तक बंदूक की पहुंच को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को हथियार तक पहुंच कैसे मिली और उसने इस हमले की योजना किस तरह बनाई।
23 लोग घायल, 10 की हालत गंभीर
गोलीबारी की खबर फैलते ही स्कूल में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, दूसरी इमारत से गोलियों की आवाज सुनने के बाद कुछ छात्र अपनी कक्षा के अंदर छिप गए थे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने वहां पहुंचकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता दिया। स्कूल से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित अस्पताल के अनुसार, हमले में 23 लोग घायल हुए हैं और इनमें 10 की हालत गंभीर बताई गई है। आसपास के इलाकों में भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई और स्कूल परिसर को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया।
प्रधानमंत्री ने स्कूल पहुंचकर जताया दुख
घटना के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने स्कूल का दौरा किया और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी की उम्र 14 वर्ष थी और गोलीबारी के बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रधानमंत्री के मुताबिक, आरोपी अपने दादा-दादी के साथ रहता था और उसे स्कूल से जुड़ा कुछ तनाव था। हालांकि, अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था। फिलहाल पुलिस आरोपी के व्यवहार, पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच कर रही है।