The Paradise Collection: नानी की ‘द पैराडाइज’ का जलवा, बॉक्स ऑफिस पर कर रही छप्पर फाड़ कमाई
साउथ सुपरस्टार नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म को दक्षिण भारत में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जबकि ओवरसीज मार्केट से भी कमाई मजबूत बनी हुई है। हालांकि, हिंदी बेल्ट में फिल्म को वैसा फायदा नहीं मिल पाया है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। इसके बावजूद फिल्म ने रिलीज के शुरुआती चार दिनों में अच्छी कमाई करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपना मोमेंटम बरकरार रखा है।
चार दिनों में 92 करोड़ से ज्यादा की कमाई
‘द पैराडाइज’ ने पेड प्रिव्यूज से 11.60 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद पहले दिन फिल्म ने 34.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे दिन 14.90 करोड़, तीसरे दिन 15.25 करोड़ और चौथे दिन 15.70 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। इस तरह फिल्म का चार दिनों का नेट कलेक्शन 92.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब फिल्म की असली परीक्षा वीकडेज में होगी, जहां इसे अपनी कमाई की रफ्तार बरकरार रखनी होगी।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 138 करोड़ के पार
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन अब तक 109 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 29.25 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इन आंकड़ों को मिलाने पर ‘द पैराडाइज’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 138.25 करोड़ रुपये हो गया है। करीब 204 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में बनी इस फिल्म के लिए आने वाले दिनों की कमाई बेहद अहम रहने वाली है।
आगे कैसी रहेगी फिल्म की रफ्तार?
‘द पैराडाइज’ को फिलहाल किसी बड़ी साउथ फिल्म से सीधी टक्कर नहीं मिल रही है, जो इसके लिए एक सकारात्मक स्थिति है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर दूसरी फिल्मों की मौजूदगी के बीच फिल्म को अपनी कमाई बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होगा। अगर नानी की फिल्म अगले वीकेंड तक इसी रफ्तार से आगे बढ़ती है, तो यह अपने अनुमानित बजट के करीब पहुंच सकती है। अब नजर इस बात पर है कि वीकडेज में फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितनी कामयाब रहती है।