आयुष्मान खुराना की ‘उड़ता तीर’ का वीकेंड पर धमाका, ‘जेलर 2’ समेत 9 फिल्मों को पछाड़ा
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ की चर्चा हो रही है। 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में अपनी कमाई की रफ्तार बढ़ाते हुए साल 2026 की नौ फिल्मों के शुरुआती कलेक्शन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में ‘जेलर 2’ जैसी फिल्म का नाम भी शामिल है। आइए जानते हैं कि फिल्म ने अब तक कितनी कमाई की है और किन फिल्मों को पीछे छोड़ा है।
तीसरे दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
‘उड़ता तीर’ ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 4.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला और इसने 7.25 करोड़ रुपये बटोरे। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रविवार रात 8:30 बजे तक फिल्म 5.93 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी थी। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 17.28 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, तीसरे दिन के आंकड़े शुरुआती हैं और इनमें बदलाव संभव है।
‘जेलर 2’ समेत इन 9 फिल्मों को छोड़ा पीछे
ओपनिंग वीकेंड के कलेक्शन के मामले में ‘उड़ता तीर’ ने 2026 में रिलीज हुई नौ फिल्मों के शुरुआती कारोबार को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में ‘प्रहार’ का 9.15 करोड़ रुपये, ‘नई नवेली’ का 11.9 करोड़ रुपये, ‘जेलर 2’ का चार दिनों में 16.65 करोड़ रुपये, ‘दायरा’ का 5.63 करोड़ रुपये और ‘हैवान’ का 7.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन शामिल है। इसके अलावा फिल्म ने ‘हॉन्टेड 3डी’ के 9.35 करोड़ रुपये, ‘चांद मेरा दिल’ के 12.47 करोड़ रुपये, ‘द केरल स्टोरी 2’ के 10.15 करोड़ रुपये और ‘मर्दानी 3’ के 17.25 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया है।
क्या है ‘उड़ता तीर’ की कहानी?
‘उड़ता तीर’ एक स्पाई कॉमेडी फिल्म है, जिसमें आयुष्मान खुराना एक पाकिस्तानी जासूस की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में उनका किरदार एक मिशन के सिलसिले में भारत आता है, लेकिन एक हादसे के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है। इसके बाद वह खुद को भारतीय देशभक्त समझने लगता है और अनजाने में अपने ही देश के मिशन के खिलाफ खड़ा हो जाता है। पहचान को लेकर पैदा होने वाली गलतफहमियां कहानी में कॉमेडी और कई दिलचस्प मोड़ लेकर आती हैं।
आयुष्मान-सारा की जोड़ी पर टिकी निगाहें
फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा राहुल बोस और राम कपूर समेत कई कलाकार अहम किरदारों में नजर आते हैं। फिल्म की कहानी में जासूसी, हास्य और देशभक्ति का मेल देखने को मिलता है। शुरुआती वीकेंड में हुई कमाई ने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत दिलाई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रख पाती है या नहीं।