उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, DSP से डिप्टी कलेक्टर तक… इन पदों पर निकली भर्ती
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026 के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के विभिन्न विभागों में ग्रुप-B के कुल 67 पद भरे जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 29 सितंबर ही निर्धारित है।
DSP के सबसे ज्यादा पद
कुल 67 रिक्तियों में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के सबसे ज्यादा 14 पद हैं, जबकि डिप्टी कलेक्टर के 10 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के 8, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5-5 पद हैं। वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी और संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4-4, केस वर्कर के 3, जिला कमांडेंट होमगार्ड और सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर के 2-2 पद हैं। राज्य कर अधिकारी के 5 पद समेत कई अन्य पद भी भर्ती में शामिल हैं।
67 पदों का कैटेगरी वाइज बंटवारा
भर्ती के कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग के लिए रखे गए हैं। अनुसूचित जाति के लिए 13, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 11 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 6 पद निर्धारित हैं। इन पदों पर उत्तराखंड की महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों के लिए नियमानुसार क्षैतिज आरक्षण भी लागू होगा। यानी अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवारों को आरक्षण संबंधी नियमों के तहत नियुक्ति का लाभ मिलेगा।
56 हजार से ज्यादा होगी शुरुआती सैलरी
UKPSC की इस भर्ती में शामिल अधिकांश पद लेवल-10 के हैं, जिनकी वेतनमान सीमा 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक है। वहीं राज्य कर अधिकारी का पद लेवल-7 में है, जिसमें 44,900 से 1,42,400 रुपये तक वेतन मिलेगा। केस वर्कर के लिए लेवल-6 निर्धारित है और इस पद पर 35,400 से 1,12,400 रुपये तक वेतनमान मिलेगा। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग रखी गई है, हालांकि ज्यादातर पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन जरूरी है।
आवेदन से चयन तक पूरा प्रोसेस
कुछ पदों के लिए कॉमर्स, कानून, संस्कृत, इंजीनियरिंग, हॉर्टिकल्चर, कृषि, समाजशास्त्र या सोशल वर्क जैसे विषयों में विशेष योग्यता मांगी गई है। आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर तक चलेगी, जबकि आवेदन में सुधार के लिए 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर होगा। प्रारंभिक परीक्षा में जनरल स्टडीज और जनरल एप्टीट्यूड के पेपर होंगे, जबकि मुख्य परीक्षा में हिंदी निबंध और सामान्य अध्ययन समेत निर्धारित विषयों के पेपर शामिल होंगे।