UP के PRD जवानों की बल्ले-बल्ले! योगी सरकार ने ₹600 बढ़ाया ड्यूटी भत्ता, 5 लाख का कैशलेस इलाज
उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल यानी PRD के स्वयंसेवकों के लिए योगी सरकार ने मंगलवार को कई बड़े फैसले किए। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जवानों के आर्थिक हितों के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और आवास से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने का ऐलान किया। सबसे अहम फैसला दैनिक ड्यूटी भत्ते को लेकर हुआ, जिसे 500 रुपये से बढ़ाकर अब 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। इसके अलावा जवानों और उनके परिवारों के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की गई है।
250 रुपये से 600 रुपये तक पहुंचा ड्यूटी भत्ता
योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में हुए सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने PRD के गठन से लेकर अब तक ड्यूटी भत्ते में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 1948 में गठित PRD के स्वयंसेवकों को लंबे समय तक 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता रहा। साल 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया गया, जबकि 2022 में यह 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन पहुंचा। अब सरकार ने इसमें 100 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए 600 रुपये प्रतिदिन करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में PRD जवानों की भूमिका और उनके लिए सरकार के खर्च में काफी विस्तार हुआ है।
31 हजार से ज्यादा जवानों और परिवारों को मिलेगा फायदा
PRD स्वयंसेवकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इलाज की सुविधा सरकारी अस्पतालों के अलावा सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में भी उपलब्ध होगी। परिवार के सदस्यों को शामिल करने के बाद इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
10 PRD स्वयंसेवकों को दिए गए चिकित्सा कार्ड
योजना की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे। सरकार की इस पहल से PRD जवानों के परिवारों को इलाज के दौरान होने वाले बड़े खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ में 23 करोड़ रुपये से बनेगा नया बैरक
PRD जवानों की आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी सरकार ने योजना आगे बढ़ाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से रिमोट के जरिए लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास किया। सरकार का कहना है कि इस निर्माण से स्वयंसेवकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे PRD के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
कानून-व्यवस्था से लेकर बड़े आयोजनों तक अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। आपदा के समय राहत कार्यों से लेकर महाकुंभ, दीपोत्सव और रंगोत्सव जैसे बड़े आयोजनों में उनकी जिम्मेदारी रहती है। यातायात व्यवस्था संभालने और चुनाव ड्यूटी में भी PRD जवानों की भूमिका अहम रहती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 से पहले जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, लेकिन अब उनकी बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण कई अवसरों पर ड्यूटी के लिए जवानों की संख्या कम पड़ने लगी है।
23 करोड़ से 543 करोड़ हुआ PRD का बजट
सम्मेलन में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने PRD जवानों को शांति, सुरक्षा और जनसेवा का मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है। ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और नए बैरक के निर्माण की घोषणाओं को सरकार की ओर से PRD स्वयंसेवकों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।