रक्षाबंधन पर बिहार की बेटियों को बड़ी सौगात, छात्राओं को हर महीने मिलेंगे 10000 रुपये
रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार बेटियों और बहनों की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाओं की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन पहलों की जानकारी दी। बुधवार से ‘पुलिस दीदी’ यानी अभया ब्रिगेड के लिए 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिल का लोकार्पण एवं फ्लैग-ऑफ किया जाएगा। इन वाहनों के जरिए स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा और संरक्षण को मजबूत करने की योजना है।
हर महीने 10 हजार रुपये
मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप की भी शुरुआत होगी। योजना के तहत करीब 1,000 योग्य छात्राओं को शोध कार्य के लिए चार वर्षों तक हर महीने 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ाना है, ताकि आर्थिक कारण उनकी पढ़ाई और रिसर्च के रास्ते में बाधा न बनें। इसके साथ ही ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ भी शुरू की जाएगी, जिसके तहत बेटियों को अपना कारोबार या स्टार्टअप शुरू करने के लिए 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
बेटियों पर सरकार का फोकस
रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की जा रही इन पहलों को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की उन्नति ही बिहार की प्रगति है और बेटियों व बहनों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। अभया ब्रिगेड के लिए वाहनों की उपलब्धता से जहां छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश होगी, वहीं पीएचडी फेलोशिप और स्टार्टअप सहायता से बेटियों को शिक्षा, शोध और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।