बड़ा हमला होना बाकी है… ईरान को ट्रंप की खुली चेतावनी, IRGC ने कहा – अमेरिका को पछतावा होगा
मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है. अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों को हवाई हमलों का निशाना बनाया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, अमेरिकी समयानुसार दोपहर 12 बजे से यह सैन्य कार्रवाई शुरू की गई. हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को और कड़े हमले की चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा कि अभी ईरान पर बड़ा हमला होना बाकी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. दूसरी ओर, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिकी हमले का जवाब देगा.
ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘इस समय यूएस होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ठिकानों पर हमले कर रहा है. ये हमला ईरान की उन हरकतों का जवाब है जो उन्होंने होर्मुज में बारुदी सुरंग बिछाने की नाकाम कोशिश करके की थी. अब वहां कोई सुरंग नहीं उसे पूरी तरह हटा दिया गया है. ये तेहरान को उन हमलों का भी जवाब है जो जॉर्डन में हमारे सैन्य अड्डे पर 8 मिसाइल दागकर की गई थी. अगर ईरान दोबारा हमला करता है तो उसे और भी जोरदार तरीके से जवाब दिया जाएगा.’
अमेरिका को जल्द जवाब देंगे: IRGC
ट्रंप ने कहा, ‘ईरान पर सबसे बड़ा हमला होना अभी बाकी है. वो ऐसा अटैक होगा, जिसमें ईरान का बहुत कम हिस्सा बचेगा.’ अमेरिकी हमलों पर ईरानी सेना IRGC के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका को अपने इन ताजा हमलों पर पछतावा होगा. हमलावरों को कड़ी सजा मिलेगी. अमेरिकी सेना को इलाके में अपनी हर बुरी हरकत के लिए भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. इसका जवाब जल्द ही दिया जाएगा.’
ईरान के तटीय इलाकों में धमाकों से बढ़ी चिंता
ईरानी स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, हमलों के बाद केश्म, जास्क, सिरिक, चाबहार, बंदर अब्बास, कोणारक और मीनाब समेत कई प्रमुख तटीय इलाकों में जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है, इसलिए यहां किसी भी सैन्य टकराव का असर पूरे क्षेत्र के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है. अमेरिकी हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी के बीच अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दोनों देशों के बीच तनाव किस दिशा में बढ़ता है.