‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 200 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन, विदेश में उड़ाया गर्दा
नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस स्पिरिचुअल ड्रामा ने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। खास बात यह है कि अक्षय कुमार की ‘हैवान’ और मनोज बाजपेयी की ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ जैसी नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद ‘हनुमान अंश’ की कमाई जारी है। सैकनिल्क के मुताबिक, 11 सितंबर को फिल्म ने 36वें दिन 5,743 शो से 10.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और 38 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।
भारत में 205 करोड़ के पार पहुंचा ग्रॉस कलेक्शन
36वें दिन की कमाई के साथ ‘हनुमान अंश’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 205.15 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि नेट कलेक्शन 173.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके मुकाबले ‘हैवान’ ने 7,224 शो से शुक्रवार को करीब 3 करोड़ रुपये कमाए और पहले दिन इसकी ऑक्यूपेंसी 11 प्रतिशत रही। वहीं ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ को अच्छे रिव्यू मिलने के बावजूद शुक्रवार को सिर्फ 3 लाख रुपये की कमाई हुई। फिल्म ने विदेश में भी दस्तक दे दी है और नॉर्थ अमेरिका में इसकी प्री-सेल्स करीब 95 लाख रुपये बताई जा रही है।
शुरुआत धीमी, बाद में तेजी से बढ़ी कमाई
‘हनुमान अंश’ ने पहले दिन महज 10 लाख रुपये से शुरुआत की थी और पहले दो हफ्तों में इसकी कुल कमाई सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये रही। हालांकि दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा और तारीफ बढ़ने के साथ बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन भी सुधरता गया। रिलीज के 16वें दिन फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल आया और इसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें हफ्ते में भी कलेक्शन मजबूत बना रहा।
चौथे-पांचवें हफ्ते में हुई रिकॉर्ड कमाई
फिल्म ने चौथे हफ्ते में करीब 61 करोड़ रुपये और पांचवें हफ्ते में 90 करोड़ रुपये की कमाई की। छठे हफ्ते में भी इसकी रफ्तार कम नहीं हुई और 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया। इस तरह ‘हनुमान अंश’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 174 करोड़ रुपये के करीब नेट कमाई कर ली है और 2 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म अब अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है।