Jan Neta BO Collection: थलापति विजय की ‘जन नेता’ ने उड़ाया गर्दा, 200 करोड़ के क्लब में हुई शामिल
थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नेता’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसकी कमाई लगातार रफ्तार पकड़ रही है। शुरुआती चार दिनों में फिल्म ने भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी दमदार कारोबार किया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, चौथे दिन फिल्म ने भारत में करीब 32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 124.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
दुनियाभर में 200 करोड़ क्लब के पार
फिल्म का प्रदर्शन केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जन नेता’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 145.98 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जहां पहले वीकेंड में इसने 71.50 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। इन आंकड़ों के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 217.48 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिससे यह रिलीज के महज चार दिनों में 200 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है।
बजट की भरपाई के लिए अभी लंबा सफर
जन नेता’ को बड़े बजट की फिल्मों में गिना जा रहा है। विभिन्न रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका निर्माण 300 से 500 करोड़ रुपये के बीच की लागत में हुआ है। ऐसे में शुरुआती कमाई उत्साहजनक जरूर है, लेकिन फिल्म के लिए असली चुनौती अब वीकडेज में भी मजबूत पकड़ बनाए रखना होगी। यदि आने वाले दिनों में दर्शकों का यही समर्थन जारी रहता है, तो फिल्म अपने बजट की भरपाई की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकती है।
एच विनोथ के निर्देशन में सजी दमदार स्टारकास्ट
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शन्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण ने किया है। फिल्म में थलपति विजय एक डीएसपी की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ ममिथा बैजू और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। इसके अलावा प्रियामणि, बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे अनुभवी कलाकार भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं, जिनकी मौजूदगी ने फिल्म को और मजबूत बनाया है।