कौन हैं एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित? जो होंगे भारतीय वायुसेना के नए चीफ, जानिए उनका करियर
भारतीय वायुसेना को नया नेतृत्व मिल गया है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वायुसेना प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली है और वह निवर्तमान प्रमुख एपी सिंह की जगह लेंगे। लड़ाकू विमानों के साथ-साथ परिवहन विमानों पर लंबे अनुभव वाले एयर मार्शल दीक्षित का करियर करीब चार दशक का रहा है। उन्होंने वायुसेना में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं और विभिन्न अभियानों तथा सैन्य अभ्यासों में भी हिस्सा लिया है।
तेजस से लेकर मिराज-2000 तक उड़ाने का अनुभव
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना के कई प्रमुख विमानों को उड़ाने का अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वेरिएंट, जगुआर, हॉक और स्वदेशी तेजस के अलावा एचपीटी-32, एएन-32, एवरो, किरण और आईएल-78 जैसे विमानों पर भी उड़ान भरी है।
वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी रह चुके हैं। अपने सेवा करियर के दौरान वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों व सैन्य अभ्यासों से जुड़े रहे हैं। उनके पास 3,500 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।
स्वदेशी विमानन को बढ़ावा देने में निभाई अहम भूमिका
एयर मार्शल दीक्षित को स्वदेशी एलसीए तेजस और भारत की विमानन परियोजनाओं को वायुसेना में बढ़ावा देने से जुड़े कार्यों के लिए भी जाना जाता है। उनका कमीशन 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में हुआ था।
उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज, बांग्लादेश और नेशनल डिफेंस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है। वायुसेना प्रमुख के तौर पर उनके सामने संचालन क्षमता, आधुनिक तकनीक और स्वदेशी रक्षा प्रणालियों से जुड़े कई अहम क्षेत्र होंगे।