‘Drishyam 3’ की बॉक्स ऑफिस पर धांसू ऑपनिंग, पहले दिन ही कमाई ने तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड
अजय देवगन की ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की आखिरी फिल्म होने के चलते रिलीज से पहले ही इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिला था और एडवांस बुकिंग में भी फिल्म ने मजबूत प्रदर्शन किया। गांधी जयंती के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक थिएटर पहुंचे और पहले ही दिन कमाई के मामले में फिल्म ने शानदार शुरुआत की।
पहले दिन 66.75 करोड़ की कमाई
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम 3’ को शुरुआती तौर पर दर्शकों और क्रिटिक्स से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की बात सामने आ रही है। फिल्म के डायलॉग्स, क्लाइमेक्स और स्टार कास्ट की एक्टिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के पहले दिन 66.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। हालांकि ये शुरुआती आंकड़े हैं और आधिकारिक डेटा आने के बाद इनमें थोड़ा बदलाव हो सकता है।
अजय देवगन की सबसे बड़ी ओपनिंग
पहले दिन की कमाई के साथ ‘दृश्यम 3’ ने अजय देवगन के करियर का नया ओपनिंग रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। इसके अलावा ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में भी यह फिल्म चौथे नंबर पर पहुंच गई है। इसकी शुरुआती कमाई ने कई बड़े सितारों की फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर छाई फिल्म
‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ की पहले दिन की कमाई ने फिल्म के आगे के बॉक्स ऑफिस सफर को लेकर भी उत्सुकता बढ़ा दी है। गांधी जयंती की छुट्टी, फ्रैंचाइजी की लोकप्रियता और फिल्म को लेकर पहले से बने माहौल का फायदा शुरुआती कलेक्शन में दिखाई दे रहा है। अब वीकेंड और आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई किस तरह आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजर रहेगी। फिलहाल 66.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज के साथ ही बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
यह है भारत में बॉलीवुड की टॉप 10 ओपनिंग फल्में
धुरंधर 2 – 145 करोड़
आदिपुरुष – 86.75 करोड़
जवान – 75 करोड़
दृश्यम 3- 66.75करोड़
स्त्री 2 – 64.8 करोड़
एनिमल – 63.8 करोड़
पठान – 57 करोड़
वॉर – 53.35 करोड़
वॉर 2 – 52.5 करोड़
ठग्स ऑफ हिंदोस्तान – 52.25 करोड़