मेरठ में BJP का डबल धमाका, MLC चुनाव में दोनों सीटों पर फिर लहराया जीत का परचम
उत्तर प्रदेश के मेरठ में विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने भाजपा को एक बार फिर बड़ी जीत दिलाई है। मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। खास बात यह रही कि पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने मौजूदा एमएलसी पर ही भरोसा जताया था और दोनों उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर पार्टी के फैसले को सही साबित किया।
श्रीचंद शर्मा और दिनेश गोयल ने दर्ज की शानदार जीत
शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने सपा उम्मीदवार नितिन तोमर को 13,241 वोटों के अंतर से हराया। श्रीचंद शर्मा को कुल 18,099 वोट मिले, जबकि नितिन तोमर के खाते में 4,858 वोट आए। वहीं, स्नातक एमएलसी सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल ने सपा प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी को 12,855 वोटों से शिकस्त दी। दिनेश गोयल को 24,928 वोट मिले, जबकि प्रमेंद्र भाटी को 12,073 वोट प्राप्त हुए। इस तरह दोनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत हासिल की।
शिक्षक संगठनों के उम्मीदवार नहीं दिखा सके दम
मेरठ की दोनों सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिला। वहीं, शिक्षक संगठनों की ओर से मैदान में उतरे उम्मीदवार मतदाताओं पर खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। मतगणना के दौरान ही भाजपा समर्थकों ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया था, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक घोषणा देर रात की गई। लगातार दूसरी बार दोनों सीटें जीतने से भाजपा ने इस निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत होने का संकेत दिया है।