BRICS Summit 2026: भाकरवड़ी से गलौटी कबाब तक, विदेशी मेहमानों के लिए सजेगी भारत के स्वाद की शाही थाली
BRICS Summit 2026: दिल्ली में होने वाला 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सिर्फ कूटनीतिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विदेशी मेहमानों को भारतीय संस्कृति और खान-पान की विविधता से भी रूबरू कराएगा। भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन के दौरान दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटलों ने प्रतिनिधियों के लिए खास डिनर मेन्यू तैयार किए हैं। इन मेन्यू में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक व्यंजनों को आधुनिक अंदाज के साथ पेश किया जाएगा, जबकि बाजरा, सत्तू और दूसरे मिलेट्स भी खास आकर्षण रहेंगे
भारतीय स्वाद में दिखेगा मॉडर्न टच
द ललित नई दिल्ली की फूड टीम ने भारतीय क्षेत्रों के पारंपरिक स्वाद को अंतरराष्ट्रीय अंदाज में पेश करने की तैयारी की है। मेहमानों को गलौटी कबाब, तंदूरी ब्रेड और मिलेट्स से बने व्यंजनों के साथ मिसो पेस्ट वाला बैंगन, चाइनीज कैबेज और जापानी शैली की मीठी किडनी बीन्स जैसी डिशेज भी परोसी जाएंगी। वहीं द लीला पैलेस नई दिल्ली में सत्तू, बाजरा और अन्य मिलेट्स से बने व्यंजनों को विशेष जगह दी गई है। मेन्यू में महाराष्ट्र की भाकरवड़ी, राजस्थान की मिनी कचौड़ी, बंगाल की कुचो निमकी, तमिलनाडु का मुरुक्कू और कश्मीरी मसालेदार अखरोट भी शामिल होंगे।
‘ट्रेडिशन टू टेबल’ में मिलेगा घर जैसा स्वाद
ताज होटल, नई दिल्ली ने भी BRICS प्रतिनिधियों के लिए ‘ट्रेडिशन टू टेबल’ नाम से खास पाक अनुभव तैयार किया है। इसकी कई रेसिपी होटल के शेफ की माताओं की रसोई से प्रेरित हैं। मेन्यू में खमीरी रोटी के साथ नल्ली निहारी, गुच्छी पुलाव और दिल्ली-6 चिकन कोरमा जैसे व्यंजन शामिल हैं। इसके अलावा केले के पत्ते में पकाई गई चिलीयन सी बास, इमली-पाम शुगर वाले प्रॉन्स और काली मिर्च वाले लैंब चॉप्स भी मेहमानों को परोसे जाएंगे।
खाने की थाली में दिखेगी भारत की विविधता
BRICS समिट के दौरान तैयार किए गए ये मेन्यू भारत के अलग-अलग क्षेत्रों की पाक परंपराओं को दुनिया के सामने रखने का माध्यम भी बनेंगे। सत्तू और बाजरा जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थों से लेकर अलग-अलग राज्यों के लोकप्रिय स्नैक्स और व्यंजनों तक, मेहमानों को भारतीय स्वाद की विविधता देखने को मिलेगी। साथ ही कुछ अंतरराष्ट्रीय डिशेज को शामिल कर प्रतिनिधियों की अलग-अलग पसंद का भी ध्यान रखा गया है।