अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, 3 दिन में छाप डाले इतने नोट
अजय देवगन की मच अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और खास बात यह है कि तीसरे दिन इसकी कमाई में एक बार फिर उछाल देखने को मिला। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों की लोकप्रियता के बाद तीसरे पार्ट से भी काफी उम्मीदें थीं, जो शुरुआती कलेक्शन को देखकर पूरी होती नजर आ रही हैं।
तीन दिन में भारत में 176.50 करोड़ की कमाई
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन भारत में 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन कमाई घटकर 53.50 करोड़ रुपये रही, लेकिन तीसरे दिन फिल्म ने वापसी करते हुए 61 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म ने तीन दिनों में भारत में कुल 176.50 करोड़ रुपये नेट और करीब 211.80 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 272.80 करोड़ के पार
अजय देवगन की फिल्म को विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 61 करोड़ रुपये की कमाई की है। भारत और विदेशों के कलेक्शन को मिलाकर ‘दृश्यम 3’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 272.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उससे आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है।
अजय देवगन की 7 फिल्मों को छोड़ा पीछे
‘दृश्यम 3’ ने महज तीन दिनों में अजय देवगन की कई फिल्मों के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने ‘रेड 2’ (235.80 करोड़), ‘धमाल 4’ (231.60 करोड़), ‘टोटल धमाल’ (228 करोड़), ‘सिंघम रिटर्न्स’ (220 करोड़), ‘शैतान’ (212.20 करोड़), ‘बोल बच्चन’ (167 करोड़) और ‘गोलमाल 3’ (165 करोड़) को पछाड़ दिया है। ऐसे में ‘दृश्यम 3’ का बॉक्स ऑफिस सफर अजय देवगन के लिए बेहद खास बन गया है।
300 करोड़ क्लब पर नजर
तीन दिनों में 272.80 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करने के बाद अब ‘दृश्यम 3’ की नजर 300 करोड़ के आंकड़े पर है। तीसरे दिन कमाई में आया उछाल फिल्म के लिए अच्छी खबर माना जा रहा है। अगर यही रफ्तार आगे भी कायम रहती है, तो अजय देवगन की यह फिल्म जल्द ही 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है और बॉक्स ऑफिस पर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।