40वें दिन भी नहीं थमी ‘Hanuman Ansh’ की रफ्तार, खूब बरस रही बजरंगबली की कृपा, जानें कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों के बीच एक ऐसी फिल्म लगातार अपनी पकड़ मजबूत किए हुए है, जिसकी शुरुआत देखकर शायद ही किसी ने इतनी लंबी पारी की उम्मीद की होगी। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी बायोग्राफिकल फिल्म ‘हनुमान अंश’ छठे हफ्ते में भी शानदार कमाई कर रही है। नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी इस फिल्म ने 40वें दिन भी करोड़ों का कारोबार करते हुए एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है।
पहले ठंडी शुरुआत, अब बॉक्स ऑफिस पर दबदबा
7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ को शुरुआत में दर्शकों की तरफ से खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था, लेकिन समय के साथ फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ ली। नीम करोली बाबा उर्फ नीब करौरी बाबा की कहानी पर आधारित यह फिल्म अब लगातार 40 दिनों से सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है। खास बात यह है कि फिल्म की कमाई में वीकडेज पर भी कोई बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिल रही है।
बड़ी फिल्मों के बीच कायम रखा जलवा
‘हनुमान अंश’ के बाद ‘आवारापन 2’, ‘बंटवारा 1947’, ‘टॉक्सिक’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ जैसी फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नीम करोली बाबा की बायोग्राफिकल फिल्म की रफ्तार को रोक नहीं सकी। सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड के मुताबिक, फिल्म ने 40वें दिन यानी छठे मंगलवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस दिन फिल्म के करीब 8 हजार शोज बताए जा रहे हैं और अंतिम आंकड़ा इससे ज्यादा हो सकता है।
2 करोड़ के बजट से 230 करोड़ पार
कमाई के आंकड़ों ने ‘हनुमान अंश’ को साल की सबसे चौंकाने वाली फिल्मों में शामिल कर दिया है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने डेढ़ महीने के भीतर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 230 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इसका ग्रॉस इंडियन कलेक्शन 280 करोड़ रुपये के पार बताया जा रहा है। विदेशी बाजार में भी फिल्म ने कमाई शुरू कर दी है, जिससे इसका कुल कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है।
अब साउथ रिलीज और पार्ट 2 की तैयारी
फिल्म को मिल रही सफलता और दर्शकों की तारीफ के बाद मेकर्स ने इसका दायरा और बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। विदेशी बाजार के बाद अब ‘हनुमान अंश’ को साउथ में भी रिलीज किया जा रहा है। वहीं, फिल्म की लगातार मजबूत कमाई को देखते हुए निर्देशक विशाल चतुर्वेदी इसके दूसरे पार्ट पर भी काम करने की तैयारी में हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कहां तक पहुंचती है।