MP Police में SI-सूबेदार बनने का सुनहरा मौका, भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 23 सितंबर तक करें अप्लाई
मध्य प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर और सूबेदार बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सूबेदार और सब इंस्पेक्टर कैडर भर्ती चयन परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए पुलिस विभाग में कुल 504 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि इच्छुक उम्मीदवार 23 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
सूबेदार और SI के 504 पदों पर होगी भर्ती
MPESB की इस भर्ती में सूबेदार के साथ तकनीकी और गैर-तकनीकी सब इंस्पेक्टर पद शामिल हैं। कुल 504 पदों में सूबेदार के 81, सब इंस्पेक्टर स्पेशल आर्म्ड फोर्स के 69 और सब इंस्पेक्टर जिला पुलिस फोर्स के 312 पद हैं। इसके अलावा आर्म्स टेक्निकल के 10, फोटो टेक्निकल के 9, क्वेश्चन डॉक्यूमेंट टेक्निकल के 4 और फिंगरप्रिंट टेक्निकल के 22 पदों पर भर्ती की जाएगी।
9 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू होकर 23 सितंबर 2026 तक चलेगी। उम्मीदवार 28 सितंबर तक अपने आवेदन फॉर्म में जरूरी संशोधन कर सकेंगे। प्रारंभिक लिखित परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है, जो दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। मुख्य परीक्षा की तारीख प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद घोषित की जाएगी।
दूसरे राज्यों के उम्मीदवार भी कर सकते हैं आवेदन
MP Police SI और सूबेदार भर्ती के लिए भारतीय नागरिक आवेदन कर सकते हैं। मध्य प्रदेश के बाहर रहने वाले उम्मीदवारों को भी आवेदन का मौका दिया गया है, लेकिन उन्हें केवल ओपन कैटेगरी में ही आवेदन करना होगा। ऐसे उम्मीदवारों को मध्य प्रदेश के स्थायी निवासियों के लिए लागू आरक्षण और आयु सीमा में मिलने वाली छूट का लाभ नहीं मिलेगा। वहीं, मध्य प्रदेश के स्थायी डोमिसाइल उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आरक्षण और आयु में छूट दी जाएगी। नोटिफिकेशन के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों के दो से अधिक बच्चे हैं और उनमें से किसी एक का जन्म 26 जनवरी 2001 या उसके बाद हुआ है, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
पद के हिसाब से अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता
सूबेदार, सब इंस्पेक्टर, SAF और जिला पुलिस फोर्स के पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। वहीं तकनीकी पदों के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। सब इंस्पेक्टर आर्म्स पद के लिए टेक्निकल यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा मांगा गया है। जबकि फोटो, क्वेश्चन डॉक्यूमेंट और फिंगरप्रिंट तकनीकी पदों के लिए गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान विषयों के साथ बैचलर डिग्री जरूरी है।
लिखित परीक्षा से इंटरव्यू तक चार चरणों में चयन
MP Police SI और सूबेदार भर्ती में उम्मीदवारों को चयन के कई चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट देना होगा और इसके बाद अंतिम चरण में इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इस तरह उम्मीदवारों का चयन कुल चार चरणों के आधार पर किया जाएगा।
ऑफिशियल वेबसाइट से भरना होगा आवेदन
फॉर्मयोग्य उम्मीदवार 9 सितंबर से MPESB की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु, डोमिसाइल और संबंधित पद के लिए निर्धारित पात्रता की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 23 सितंबर है, जबकि 28 सितंबर तक फॉर्म में सुधार किया जा सकेगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।