8,340mAh बैटरी के साथ लॉन्च हुआ Poco X8 5G, फीचर्स से लेकर कीमत तक… जानिए पूरी डिटेल्स
Poco ने ग्लोबल मार्केट में अपना नया स्मार्टफोन Poco X8 5G लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस फोन में हाई-रिफ्रेश-रेट AMOLED डिस्प्ले, Qualcomm का नया 5G प्रोसेसर और सिलिकॉन-कार्बन बैटरी जैसे फीचर्स दिए हैं। फोन में 6.83 इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन मिलती है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। खास बात यह है कि ग्लोबल मॉडल में 8,340mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जबकि भारत में आने वाले मॉडल में इससे भी बड़ी 9,000mAh बैटरी मिलने की पुष्टि की गई है।
Poco X8 5G की कीमत और कलर ऑप्शन
Poco X8 5G को ग्लोबल मार्केट में तीन स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया गया है। इसके 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत 269 डॉलर यानी करीब 25,500 रुपये है। वहीं 8GB + 256GB वेरिएंट 299 डॉलर यानी लगभग 28,400 रुपये और 12GB + 256GB टॉप मॉडल 349 डॉलर यानी करीब 33,100 रुपये में उतारा गया है। फोन ब्लैक, ऑरेंज और व्हाइट कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। हालांकि, कंपनी ने अभी ग्लोबल सेल की तारीख का ऐलान नहीं किया है।
120Hz AMOLED डिस्प्ले और Snapdragon प्रोसेसर
डिस्प्ले के मामले में Poco X8 5G को काफी मजबूत बनाया गया है। इसमें 6.83 इंच का 1.5K AMOLED पैनल है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 3,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस, HDR10+ और 12-बिट कलर सपोर्ट करता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass Victus 2 दिया गया है, जबकि 3,840Hz PWM डिमिंग भी इसमें मौजूद है। परफॉर्मेंस के लिए फोन में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट मिलता है, जिसे 12GB तक रैम और 256GB तक स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह Android 16 पर आधारित HyperOS 3 पर चलता है।
50MP कैमरा के साथ मिलेंगे AI फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए Poco X8 5G के रियर पैनल पर OIS और EIS सपोर्ट वाला 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है। इसके साथ 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर मिलता है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। फोन से 1080p वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। कैमरा सिस्टम में अंडरवाटर शूटिंग और डुअल-वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे फीचर्स के अलावा Glare Removal, Erase Pro, Image Expansion और Image Enhancement जैसे AI टूल्स भी दिए गए हैं।
चार IP रेटिंग से लैस है Poco X8 5G
कनेक्टिविटी के लिहाज से भी फोन में कई आधुनिक फीचर्स मिलते हैं। इसमें 5G, डुअल 4G VoLTE, Wi-Fi 5, Bluetooth 5.1, GPS, NFC और USB Type-C पोर्ट दिया गया है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, IR ब्लास्टर और Xiaomi Offline Communication का सपोर्ट भी है। डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस के लिए इसे IP66, IP68, IP69 और IP69K की चार रेटिंग मिली हैं, जिससे फोन धूल, पानी और हाई-प्रेशर व गर्म पानी की बौछारों से भी बेहतर सुरक्षा देने का दावा करता है।
8,340mAh बैटरी और 67W फास्ट चार्जिंग का दम
Poco X8 5G के ग्लोबल मॉडल में 13 प्रतिशत सिलिकॉन के इस्तेमाल वाली 8,340mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, 1,600 चार्जिंग साइकल के बाद भी बैटरी कम से कम 80 प्रतिशत हेल्थ बनाए रख सकती है। यह 67W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है। फोन का वजन करीब 223 ग्राम है। भारत में इसका बड़ा 9,000mAh बैटरी वाला मॉडल 4 सितंबर को लॉन्च होने वाला है, ऐसे में भारतीय यूजर्स के लिए Poco X8 5G की बैटरी इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक हो सकती है।