SCO समिट में PM मोदी का आतंकवाद पर प्रहार, बोले- पूरे इकोसिस्टम को करना होगा खत्म
पीएम नरेंद्र मोदी ने SCO शिखर सम्मेलन के जरिए एक बार फिर आतंकवाद के लिए पड़ोसी देश पर हमला बोला. उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर आतंकवाद पर लगाम कसने की बात करते हुए कहा कि हमें आतंकवाद के वित्त पोषण, भर्ती, कट्टरता और पनाहगाह के पूरे इको-सिस्टम को ही ध्वस्त करना होगा. शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) का 26वां शिखर सम्मेलन किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित किया गया.
उन्होंने अपने भाषण में कहा कि हमें आतंकवाद और उसे मिलने वाली फंडिंग के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करना होगा. हमें एक सुर में यह कहना होगा कि आतंकवाद से निपटने में दोहरे मापदंडों की कोई जगह नहीं हो सकती. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग आतंकवाद को रणनीतिक हथियार बना रहे हैं. आतंकवाद को हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए.
पीएम मोदी ने कहा कि युद्ध के मैदान में कोई समाधान नहीं निकलता. सभी युद्धों और विवादों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाया जाना चाहिए.PM मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत उन सभी कोशिशों का समर्थन करता है जो बाजारों को आपस में जोड़ते हैं, आपसी व्यापार को आसान बनाते हैं और विकास के नए रास्ते खोलते भी हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कनेक्टिविटी की कोशिशों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए. SCO को लेकर PM मोदी ने कहा कि भारत के लिए SCO महान सभ्यता, संस्कृति और विचारों का संगम है.