महाराष्ट्र के नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, निहंग सिख ने कृपाण से किया वार
महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक, माता साहेब गुरुद्वारा परिसर में एक निहंग सिख ने कृपाण से उन पर हमला कर दिया। घटना के दौरान बादल के हाथ में चोट आई है। उन्हें तत्काल नांदेड़ के यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हमले में उनके चालक और सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी के भी घायल होने की सूचना है।
गुरुद्वारे में सेवा के दौरान हुआ हमला
बताया जा रहा है कि सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में माथा टेकने और सेवा करने पहुंचे थे। इसी दौरान जब वह गुरुद्वारा माता साहिब कौर के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात हमलावर ने अचानक उन पर कृपाण से वार कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली और बादल को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
हमले की वजह अभी साफ नहीं
सुखबीर सिंह बादल पर हमला किस वजह से किया गया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नांदेड़ पुलिस से घटना की जानकारी ली है। पुलिस अब हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
धार्मिक यात्रा पर नांदेड़ पहुंचे थे बादल
सुखबीर सिंह बादल सिख धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में दर्शन और सेवा के लिए नांदेड़ पहुंचे थे। नांदेड़ का यह गुरुद्वारा सिखों के पांच तख्तों में से एक और बेहद महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है। इसी धार्मिक यात्रा के दौरान उन पर हमला होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।