Toxic Collection: बंपर शुरुआत के बाद फीकी पड़ी ‘टॉक्सिक’, वीकेंड से पहले कमाई में बड़ी गिरावट, जानें नेट कलेक्शन
सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देने के साथ बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की थी, लेकिन अब फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग लेने वाली इस एक्शन थ्रिलर के तीसरे दिन के आंकड़े सामने आ गए हैं। शुक्रवार को फिल्म ने भारत में कितनी कमाई की और अब तक इसका कुल कलेक्शन कितना पहुंचा, आइए जानते हैं।
तीसरे दिन कमाई में फिर आई गिरावट
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘टॉक्सिक’ ने शुक्रवार को भारत में 26.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म ने 37.65 करोड़ रुपये कमाए थे, ऐसे में तीसरे दिन इसकी कमाई में करीब 29.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही फिल्म का तीन दिनों का भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 165.35 करोड़ रुपये हो गया है। शुक्रवार को फिल्म के 19,390 शोज की ऑक्यूपेंसी 21.9 फीसदी रही।
101 करोड़ की ओपनिंग के बाद कम हुई रफ्तार
यश की फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग लेकर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, दूसरे दिन ही कमाई में करीब 62.8 फीसदी की बड़ी गिरावट देखने को मिली और कलेक्शन 37.65 करोड़ रुपये पर आ गया। तीसरे दिन भी गिरावट जारी रही, लेकिन फिल्म अभी भी डबल डिजिट में कमाई कर रही है। खास बात यह है कि ‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ के मुकाबले हिंदी वर्जन में बेहतर दर्शक रिस्पॉन्स मिल रहा है।
हिंदी में बेहतर, मलयालम में फीका प्रदर्शन
फिल्म के तेलुगु और तमिल वर्जन का प्रदर्शन फिलहाल ठीक-ठाक रहा है, जबकि ओणम के मौके पर रिलीज होने के बावजूद मलयालम वर्जन उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं जुटा पाया। अब फिल्म के लिए वीकेंड बेहद अहम है। आमतौर पर शनिवार और रविवार को सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ने से फिल्मों के कलेक्शन में उछाल आता है। हालांकि, ‘टॉक्सिक’ को मिले-जुले रिव्यू के बीच यह देखना होगा कि वीकेंड पर यश की फिल्म कितनी मजबूती दिखाती है।
‘धुरंधर 2′ से होने वाला था मुकाबला
‘टॉक्सिक’ की रिलीज पहले मार्च में प्रस्तावित थी और उस दौरान इसे रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ से बॉक्स ऑफिस टकराव का सामना करना था। ‘धुरंधर 2’ ने शुरुआती तीन दिनों में 339.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, तीन दिनों में 165.35 करोड़ रुपये कमाकर ‘टॉक्सिक’ ने सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ के 121 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। राम चरण की ‘पेद्दी’ ने तीन दिनों में 125.50 करोड़ और विजय की ‘जन नायकन’ ने 92.75 करोड़ रुपये कमाए थे।
यश के साथ नजर आ रही है बड़ी स्टारकास्ट
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले वेंकट के. नारायण और यश ने किया है। फिल्म में यश डबल रोल में दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम किरदारों में हैं। अब सबकी नजरें फिल्म के वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं, जो इसकी बॉक्स ऑफिस रफ्तार की अगली तस्वीर साफ करेगा।